विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वामी शुकदेवानंद विवि का होगा बड़ा विस्तार: पुवायां में देखी जा रही जमीन, लखीमपुर-हरदोई समेत कई जिले होंगे शामिल

Published: Wed, 16 Sep 2026 06:00 AM (IST)

स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय 22 एकड़ से बाहर निकलकर अपना विस्तार करेगा, जिसके लिए पुवायां में भूमि चिह्नित की जा रही ...और पढ़ें

शुकदेवानंद विश्वविद्यालय

शुकदेवानंद विश्वविद्यालय

HighLights

  1. प्रस्ताव को लेकर कुलपति ने राज्यपाल के साथ ही लंबी वार्ता

अजयवीर सिंह, शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय जल्द 22 एकड़ से बाहर निकलकर अपना विस्तार करेगा। प्रशासन शोध केंद्र, आधुनिक लैब, बीटेक समेत अन्य रोजगारपरक कोर्स बढ़ाने के लिए भूमि उपलब्ध कराएगा। इसके लिए पुवायां में सर्वे कराया जा रहा है। पड़ोसी जिलों के महाविद्यालयों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इसके लेकर कुलपति ने राज्यपाल से वार्ता कर ली है।

मुमुक्षु आश्रम की शैक्षणिक इकाइयों को उच्चीकृत करते हुए नवंबर 2025 में स्वामी शुकदेवानंद राज्य महाविद्यालय के रूप में मान्यता मिली थी। जिले के 47 महाविद्यालयों को इस विश्वविद्यालय में शामिल किया गया था।

इस सत्र से शिक्षण कार्य शुरू हो चुका है, लेकिन शोध कार्यों और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को बढ़ाने के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन विश्वविद्यालय को और भूमि उपलब्ध कराएगा।

कुलपति पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने पुवायां में भूमि देखी है और सर्वे शुरू करा दिया गया है, ताकि इसे विश्वविद्यालय प्रशासन के नाम कराया जा सके। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर भी भूमि देखी जाएगी।

भूमि मिलने के साथ ही लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई और फर्रुखाबाद के महाविद्यालयों को भी विश्वविद्यालय के दायरे में लाया जाएगा।छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर में हाल ही में एआइ मंथन का आयोजन किया गया था, जिसमें कुलपति पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने भाग लिया।

वहां उनकी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से विवि के विस्तार और पड़ोसी जिलों के महाविद्यालयों को शामिल करने पर लंबी चर्चा हुई। राज्यपाल ने जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री से कुलपति पहले ही कई बिंदुओं पर चर्चा कर चुके हैं।

इस सत्र में 16,700 छात्र-छात्राएं प्रवेश ले चुके हैं, जबकि 55 हजार छात्र-छात्राएं विवि में प्रवेश पा सकते हैं। 182 महाविद्यालय एमजेपी रुहेलखंड विवि से संबंद्ध रह गए हैं, जबकि 47 महाविद्यालय शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में शामिल हैं।

 

विवि के विस्तार को लेकर भूमि का चयन जल्द पूरा होगा। छात्र-छात्राओं के लिए अधिक से अधिक कोर्स शुरू कराने पर जोर दिया जा रहा है। पड़ोसी जिलों के महाविद्यालयों को भी विश्वविद्यालय में शामिल कराने के लिए राज्यपाल से वार्ता हो चुकी है।

- प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, कुलपति शुकदेवानंद विश्वविद्यालय


यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पक्के मकान का सपना पड़ा अधूरा, पहली किस्त के बाद अटकी दूसरी, पन्नी के सहारे रहने को मजबूर गरीब