विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाहजहांपुर में मंदिर में युवक ने बनाई आपत्तिजनक Reel, भीड़ ने पकड़कर लगवाई उठक-बैठक; FIR दर्ज

Published: Mon, 06 Apr 2026 03:30 AM (IST)

शाहजहांपुर में साहिल ने मंदिर में भगवान पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए रील बनाई और फेसबुक पर साझा की। इससे ...और पढ़ें

निगोही क्षेत्र में उठा बैठक लगाते युवक

निगोही क्षेत्र में उठा बैठक लगाते युवक

HighLights

  1. साहिल ने मंदिर में भगवान पर आपत्तिजनक रील बनाई।

  2. ग्रामीणों ने युवक से माफी मंगवाकर उठक-बैठक लगवाई।

  3. पुलिस ने साहिल के खिलाफ द्वेष फैलाने की FIR दर्ज की।

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। रील्स बनाने की सनक में साहिल ने माहौल खराब करने का प्रयास किया। उसने मंदिर में घुसकर भगवान पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए रील्स बनाकर फेसबुक पर प्रसारित कर दी। इससे आक्रोशित भीड़ ने रविवार को उसे सबक सिखाया। उससे माफी मंगवाते हुए उठक-बैठक लगवाई, फिर चेतावनी देकर छोड़ दिया। देर शाम उसके विरुद्ध द्वेष फैलाने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

निगोही के चौड़ेरा गांव निवासी साहिल व उसका दोस्त रील्स बनाकर अपने इंटरनेट मीडिया एकाउंट पर साझा करता है। अधिक लाइक्स, व्यूज की चाह में कई बार फूहड़ वीडियो भी साझा किए थे। इसके बावजूद रुके नहीं। दोनों आरोपितों ने गांव के मंदिर में घुसकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए रील्स बनाईं।

भगवान की प्रतिमा के सामने खड़े होकर अशोभनीय शब्द कहे, इशारे किए। दोपहर को रील्स देखकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। उन्हें मंदिर लाकर भगवान की प्रतिमा के सामने खड़ा कर माफी मांगने को कहा।

इस बीच दर्जनों ग्रामीणों की भी भीड़ जुट गई थी। सभी ने दोनों के कृत्य का विरोध किया। आरोपितों ने माफी मांगी कि अब कभी किसी की भावनाएं आहत करने वाली रील्स नहीं बनाएंगे। इसके बाद दोनों से उठक-बैठक लगवाकर जाने दिया।

दोनों वीडियो पुलिस तक पहुंचे तो सीओ प्रयांक जैन ने जांच की। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों आरोपितों ने रील्स बनाने की सनक में माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। सीओ ने बताया कि वीडियो हटवा दिए गए हैं। देर शाम ग्रामीण देवेश प्रताप सिंह की तहरीर पर साहिल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।

पुलिस का कहना है कि उसके इंटरनेट मीडिया एकाउंट से रील्स साझा की गई थी, इसलिए उसे नामजद किया गया। इस कृत्य में उसके साथी की भूमिका सामने आने पर विवेचना में उसका नाम भी बढ़ाया जाएगा। उठक-बैठक लगवाने वालों से भी पूछताछ की जाएगी।