शाहजहांपुर में डबल मर्डर से सनसनी, जमीन विवाद में मंदिर के दो सेवादारों की हत्या कर जलाए शव
शाहजहांपुर के खुदागंज स्थित एक प्राचीन मंदिर में दो सेवादारों की हत्या कर उनके शव जला दिए गए। पुलिस को ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
शाहजहांपुर के खुदागंज मंदिर में दो सेवादारों की हत्या कर शव जलाए गए।
मृतकों की पहचान गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है।
पुलिस को भूमि विवाद के चलते तीन स्थानीय लोगों पर हत्या का शक है।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। खुदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सूथा गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव स्थित प्राचीन मंदिर परिसर में दो सेवादारों की हत्या कर दी गई। इसके बाद दोनों सेवादारों के शवों को जला भी दिया।
मृतकों की पहचान मंदिर के वृद्ध सेवादार गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण रोज की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचे, तो मामले का खुलासा हुआ।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।
पुलिस बल के साथ पहुंचे एसपी
दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि शुरुआती जांच में मंदिर की जमीन को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद सामने आ रहा है। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि भूमि पर अवैध कब्जे की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस को गांव के ही तीन स्थानीय लोगों पर गंभीर शक है, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
