विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाहजहांपुर को मिलेगा एक और यूनिवर्सिटी का तोहफा: गन्ना शोध परिषद का बदलेगा स्वरूप, वित्त मंत्री ने जागरण विमर्श में की बड़ी घोषणा

Published: Thu, 01 Oct 2026 08:09 PM (IST)Updated: Thu, 01 Oct 2026 08:20 PM (IST)

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शाहजहांपुर में घोषणा की कि गन्ना शोध परिषद को विश्वविद्यालय का स्वरूप दिया जाएगा, ...और पढ़ें

शाहजहांपुर में जागरण विमर्श के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना। मंच पर आसीन जिला पंचायत अघ्यक्ष ममता यादव, ददरौल विधायक अरविंद सिंह और पुवायां विधायक चेतराम  जागरण

शाहजहांपुर में जागरण विमर्श के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना। मंच पर आसीन जिला पंचायत अघ्यक्ष ममता यादव, ददरौल विधायक अरविंद सिंह और पुवायां विधायक चेतराम जागरण

HighLights

  1. जिला पंचायत अध्यक्ष ने जनता से कहा-कोई सड़क या गली टूटी हो तो बताएं, तुरंत बनेगी

  2. ददरौल विधायक अरविंद सिंह व पुवायां विधायक चेतराम बोले, सरकार में सबका विकास

पीयूष दुबे, शाहजहांपुर। गुरुवार का दिन शाहजहांपुर जनपद के लिए नया उम्मीदों का उजाला लेकर आया। इस उजियारे में शोध-अध्ययन एवं गुणवत्तायुक्त शिक्षा भी शामिल है। दैनिक जागरण विमर्श के मंच से प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने घोषणा की कि 'गन्ना शोध परिषद को विश्वविद्यालय बनाएंगे। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसे कैबिनेट में लेकर जाने की तैयारी है।

मैं यह प्रस्ताव कैबिनेट से पास होने के बाद जनता के सामने लाना चाहता था। आज मुझे प्रसन्नता है कि दैनिक जागरण के मंच से मैं इसकी जानकारी दे रहा हूं।' इतना सुनते ही सभागार तालियों से गूंज उठा।

01SHN_10_01102026_474.JPG

वित्तमंत्री ने आगामी कार्ययोजना के बारे में बताया

द ग्रांड आर्क में आयोजित कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि सुरेश कुमार खन्ना ने जिले में अब तक विकास कार्यों, उनकी गति एवं आगामी कार्ययोजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जिले से गुजरने वाले एक्सप्रेस वे और सड़कों के जाल ने विकास की राह खोल दी। औद्योगिक आस्थान स्थापित किए गए, जिससे उद्योगों में बढ़ोतरी होने के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार मिलना शुरू हो गया।

जनता के अनुरूप काम कर रहे हैं जनप्रतिनिधि

यह बदलाव सत्ता की सकारात्मक सोच के साथ हुआ। जनता जो चाहती है, जनप्रतिनिधि उसी के अनुरूप काम करते हैं। जनता के स्वभाव में बेहद सकारात्मक बदलाव आया है। पहले बंदूक, रायफल और रिवाल्वर का लाइसेंस के लिए जोर देने वाले लोग अब विकास पर जोर दे रहे हैं। शिक्षा, सड़कें और समृद्धि पर केंद्रित हो रहे हैं।

जिले में अप्रोच रोड किया गया है फोरलेन

वित्त मंत्री ने वित्त के वितरण को लेकर पूर्व की सरकारों की अनियमितता और अब किए गए बदलाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में सड़क, स्कूल, अस्पताल आसानी से नहीं मिलते थे। विधायकों को धनराशि खर्च करने की लिमिट थी, लेकिन अब जिले में विकास की स्थिति यह है कि जिले में जितनी अप्रोच रोड थी, उनको फोरलेन कर दिया गया।

01SHN_13_01102026_474.JPG

राजनीति में हो गया है लंबा समय

शहर में सीवर लाइन बिछवा दी गई। सदर क्षेत्र में 189 सड़कों को बनवाया गया। यही नहीं, पुलों का जाल बिछा दिया गया। अब यातायात सुगम हो गया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में लंबा समय हो गया। मुझे विधायक रहते हुए 37वां साल है। यह सब आप (जनता) करते हो और बधाई हमको मिलती है।

विषम परिस्थितियों में भी भाजपा को जिताई सदर सीट

खन्ना ने कहा कि शाहजहांपुर के लोगों का समर्पण है कि विषम परिस्थितियों में भी भाजपा को ही सदर सीट पर जिताया। यही वजह रही कि सरकार ने विकास कार्य कराने में कोताही नहीं बरती। उन्होंने कहा कि तमाम विकास कार्य कराने के साथ ही शहर के संकरे चौराहों पर स्टील की ग्रिल लगवाई, जबकि लोग अवैध कब्जा करने में लगे थे।

सौ करोड़ की लागत से बनवा रहे हैं अस्पताल

उन्होंने कहा कि ककरा क्षेत्र में सौ करोड़ की लगत से अस्पताल बनवा रहे हैं, जिसके लिए पांच करोड़ की भूमि खरीदी। चौराहों का चौड़ीकरण किया गया। सामुदायिक केंद्रों का निर्माण कराया गया।

प्रदेश में जो सुविधाएं हैं, उनको जिले में उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया गया, जिसका नतीजा है कि शाहजहांपुर बढ़ रहा फल-फूल रहा है। जिले में मेडिकल कालेज, मुमुक्षु यूनिवर्सिटी जैसे कई सराहनीय कार्य कराए। उन्होंने एक शेर सुनाते हुए कहा कि

बड़ी मुश्किल कोई सुबह मुस्कुराती है।

और गम हर शाम दबे पांव चली आती है।

वक्त लगता नहीं जिंदगी बदलने में

बदलने में वक्त जिंदगी लग जाती है।।

इससे पहले जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने कहा कि जिले में कोई सड़क खराब हो तो उनको बताएं, जिससे कि गांवों से गांवों को जोड़ने में किसी तरह की लापरवाही नहीं की जाती है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत की ओर से कई कार्य कराए गए।

पुवायां में अब सड़कों किया गया बेहतर

पुवायां विधायक चेतराम ने कहा कि पुवायां क्षेत्र की जनता का आभारी हूं कि छठवीं बार विधायक बनाया। पुवायां का विकास 2017 से पहले नहीं होता था, लेकिन अब सड़कों को बेहतर कर दिया। पुवायां में भी आईटीआई खुल गया और सीएचसी खुल गई।

जिस गांव में युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए दूरदराज जाना होता था, वहां अब महाविद्यालय शुरू करा दिया है। बंडा नगर पंचायत बन गया।उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गुंडा राज था, जबकि अब गुंडा प्रदेश छोड़ रहे हैं।

ददरौल से निकला एक्सप्रेस, बन रहे फोरलेन

ददरौल विधायक अरविंद कुमार ने कहा कि 2017 के बाद से शाहजहांपुर बदल गया। प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री और वित्र मंत्री की ओर से जो विकास कार्यों की गंगा बहाई गई, उसे ददरौल अछूता नहीं है। हमारे यहां से एक्सप्रेस निकले और फोरलेन बनाने का काम किया गया। उद्यमियों ने खूब उद्योग लगाने के साथ ही कई काम कराए गए। साथ ही अन्य कार्य भी कराए गए। शिक्षा के क्षेत्र में बहुत काम कराए गए, जिसमें दो कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बनाए गए।

इससे पहले, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, ददरौल विधायक अरविंद सिंह, पुवायां विधायक चेतराम ने दीप प्रज्जवन कर उद्घाटन किया। सत्र संचालन दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी पवन कुमार तिवारी ने किया। अंत में दैनिक जागरण बरेली-मुरादाबाद के महाप्रबंधक डाॅ. मुदित चतुर्वेदी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुरवासियों के लिए बड़ी खबर: 31 दिसंबर तक चमक जाएंगी शहर की सड़कें, DM ने कहा- 'तारीख नोट कर लें'