शाहजहांपुरवासियों के लिए बड़ी खबर: 31 दिसंबर तक चमक जाएंगी शहर की सड़कें, DM ने कहा- 'तारीख नोट कर लें'
डीएम धर्मेंद्र सिंह ने शाहजहांपुर में 31 दिसंबर तक सभी सड़कों की मरम्मत का आश्वासन दिया है। उन्होंने सीवर और ...और पढ़ें

जागरण विमर्श को संबोधित करते डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, एएसपी सिटी देवेंद्र कुमार सिंह, एसएस विश्वविद्यालय के कुलपति पीबी सिंह, सीएमएस डाॅ. सरोज कुमार। जागरण
HighLights
एसपी सिटी ने कानून व्यवस्था पर दिए जवाब, कुलपति ने फीस वृद्धि न होने एवं सुविधाएं बढ़ाने का दिया आश्वासन
नीलेश प्रताप सिंह, शाहजहांपुर। विकास सतत चलने वाली प्रक्रिया है। सड़क, बिजली-पानी समेत अन्य विकास योजनाओं के धरातल पर उतारने के दौरान थोड़ी परेशानी होती है। आमजन को विकास से होने वाली परेशानी का विरोध-शिकायत के बजाय सहयोग का भाव रखना चाहिए। जागरण विमर्श के चौथे सत्र ‘खुला मंच’ में बतौर अतिथि पहुंचे जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने खुलकर अपने विचार रखे।
उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर मुख्यालय का गंगा एक्सप्रेस-वे से जुड़ाव कैसे हो इस पर मंथन किया गया, जिस मार्ग का चौड़ीकरण का प्रस्ताव बना उस पर पांच हजार पेड़-पौधे चिह्रित किए गए।
कोई विकास के लिए पेड़ काटना आवश्यक बताया तो कोई इसे विकास के नाम पर विनाशकारी कदम कहा। दोनों पहलुओं से जुड़े लोगों की सोच अपने-अपने हिसाब से ठीक हो सकती है। मगर, आमजन के लिए सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना प्रशासन की अहम जिम्मेदारी है।
प्रशासन की संजीदगी के बाद उसका हल निकाला गया। कहा कि जब मैंने जिले में बतौर जिलाधिकारी कार्यभार संभाला उस समय हर ओर सीवर की लाइन डालने के चलते सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। पांच माह तक कड़ी मशक्कत के बाद सभी सड़कों को दुरुस्त कराया गया।
ठीक उसके बाद जिले में पानी की नई लाइन डालने को 250 करोड़ की पेयजल आपूर्ति की परियोजना स्वीकृत कर दी गई। फिर से नई पाइपलाइन डालने के चलते सड़कें खोदनी पड़ेगी और आमजन को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
इसको देखते हुए शासन स्तर से पैरवी कर परियोजना को रोकने की अपील की गई। मगर, वित्त मंत्री और शासन स्तर पर लगातार चल रही कवायद के चलते अवगत कराया गया कि अगर काम शुरू नहीं किया गया तो जारी किया गया बजट लौट जाएगा।
इस पर फिर से अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना को लागू करने का निर्णय लिया गया। कहा कि जिले में सभी सड़क-पुल पर काम चल रहा है। 31 दिसंबर तक हर हाल में सभी सड़कें दुरुस्त कर ली जाएंगी। कहा कि जिले का ढांचागत विकास हो रहा।
नगर निगम की पुरानी बिल्डिंग के साथ ही पुराने घर-इमारत को विरासत के रूप में समृद्ध करने की पहल शुरू कर दी गई है। बताया कि जिले में नवोदय विद्यालय के बगल में इनडोर स्टेडियम का विकास आरंभ कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष शाहजहांपुर दुर्घटना से मौत के मामले में प्रदेश में नंबर एक पर था। 90 प्रतिशत लोग शाम चार से रात आठ बजे के बीच हादसे का शिकार हुए। 100 प्रतिशत लोग वही हादसे का शिकार हुए जिन्होंने हेलमेट नहीं पहना था।
पुलिस-प्रशासन सिर्फ चालान कर सकता है मगर समाज को भी इस पर गंभीरता से सोचना पड़ेगा। इस दौरान एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने एक सवाल के जवाब में कहा कि एफआइआर में किसी का नाम दुर्भावना या गलत मंशा से दर्ज कराया गया है तो किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है।
एफआइआर के बाद विवेचना होती है। हर घटना का सभी पहलुओं पर तथ्यों को जांचने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाती है। कुलपति पीबी सिंह ने बताया कि स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में युवाओं के हित को सर्वोपरि रखा जा रहा है। अगर किसी भी छात्र की कोई शिकायत है तो वह उनके संज्ञान में लाएं उसका यथोचित निराकरण कराया जाएगा।
