क्राइम सीन, स्ट्रेचर पर जवान और रस्सी पर फुर्ती... शाहजहांपुर में जब SP ने अचानक ली पुलिस की परीक्षा!
एसपी सौरभ दीक्षित ने शाहजहांपुर पुलिस लाइंस में पुलिसकर्मियों की फिटनेस और आपातकालीन प्रतिक्रिया का अभ्यास कराया, जिसमें क्राइम सीन सिमुलेशन और रस्सी चढ़ना शामिल था।

रस्सी पर चढ़कर अभ्यास करते पुलिसकर्मी। सौ. पुलिसकर्मी
HighLights
नदी में कूदी युवती को बचाने वाली टीम को किया सम्मानित
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। क्राइम सीन की पीली टेप से घेरा घटनास्थल, बीच में स्ट्रेचर पर लेटा घायल जवान और उसे बचाने में जुटे डायल 112 के कर्मी। दूसरा नजारा रस्सी पर हाथों के सहारे चढ़ते जवानों का, जिनकी फुर्ती देख अफसर भी संतुष्ट दिखे।
पुलिस लाइंस में शुक्रवार सुबह एसपी सौरभ दीक्षित ने पुलिसकर्मियों की फिटनेस और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अपने सामने ही अभ्यास कराया।
एसपी ने देखा कि क्राइम सीन पर पहुंचने के बाद पुलिस घायल को स्ट्रेचर पर कैसे शिफ्ट करती है और साक्ष्यों को कैसे सुरक्षित रखती है। रिस्पांस टाइम में जो खामियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

एसपी ने कहा कि अपराधी से निपटने के लिए पुलिस का फिट रहना सबसे बड़ा हथियार है, इसके लिए नियमित अभ्यास करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने मिर्जापुर में नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली युवती को बचाने वाली डायल 112 टीम को भी सम्मानित किया।
17 अक्टूबर को कमांडर नितिन कुमार, महिला आरक्षी नीशु और होमगार्ड मुंशीलाल ने युवती को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया था। एसपी ने कहा स्मार्ट पुलिसिंग के लिए हर समय खुद को स्वस्थ रखना होगा। पहला स्मार्टनेस फिटनेस में है।
जो जवान फिट रहेगा, वही अपराधी को दौड़ाकर पकड़ेगा। दूसरा स्मार्टनेस रिस्पांस में है। मौके पर पहुंचकर पहले जान बचानी है, फिर सबूत एकत्र करना। इसके बाद एसपी ने पुलिस लाइंस परिसर का निरीक्षण किया। इस मौके पर सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी भी मौजूद रहे।
