स्कूल की पुरानी इमारत टूटते वक्त हुआ हादसा, बीम के नीचे दबने से शिक्षामित्र ने तोड़ा दम
शाहजहांपुर के कुबरे गौटिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में जर्जर इमारत तोड़ते समय बीम गिरने से शिक्षामित्र सुखपाल की मृत्यु हो ...और पढ़ें

शिक्षामित्र सुखपाल का फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। गढ़िया रंगीन के कुबरे गौटिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को जर्जर बिल्डिंग तोड़ते समय बीम गिरने से शिक्षामित्र की मृत्यु हो गई। वह जर्जर बिल्डिंग के पास खड़े थे।
विद्यालय की पुरानी बिल्डिंग को गत वर्ष जर्जर घोषित किया गया था। मंगलवार को उसे तोड़ने का कार्य कराया जा रहा था। गांव के ही शिक्षामित्र सुखपाल वहां देखने पहुंचे थे।
तभी अचानक छत की बीम भरभराकर गिर गई। इसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने से वह घायल हो गए।
मौके पर मौजूद ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से हालत गंभीर देख चिकित्सक ने बरेली के लिए रेफर कर दिया। बरेली में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।
