शाहजहांपुर में 10.70 करोड़ की लागत से बनेंगी 10 सड़कें, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने किया शिलान्यास
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शाहजहांपुर में 10.70 करोड़ की लागत से बनने वाली दस सड़कों के मरम्मत कार्य का शिलान्यास किया।

शाहजहांपुर में सड़क निर्माण कार्य के लिए शिलान्यास करते वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना
HighLights
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने 10 सड़कों का शिलान्यास किया।
10.70 करोड़ की लागत से तीन माह में बनेंगी सड़कें।
सुगम आवागमन और जलभराव से मिलेगी राहत शाहजहांपुर को।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। शहर की दस सड़कों के मरम्मत कार्य का रविवार को वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शिलान्यास किया। दस करोड़ 70 लाख की लागत से बनने वालीं इन आठ हाट मिक्स व दाे सीसी मार्गों के निर्माण को तीन माह के अंदर पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं के पूरे होने से शहर में सुगम आवागमन और जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलेगी, जिससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने बताया कि इन सभी निर्माण कार्यों को अगले दो से तीन महीने के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिन मार्गाें का शिलान्यास किया गया, उनमें जियाखेल में एसटीपी तक, चार खंभा से किला रोड, खोया मंडी से अनाज मंडी रोड, एबी रिच इंटर कॉलेज से सुनहरी मस्जिद, बेरी चौकी से मालखाना कच्चा कटरा मोड़, बिजलीपुरा में निदान पैथोलाजी से बर्फ खाना के पास तक, घंटाघर से चार खंभा, ताजूखेल खलील गर्वी में अंजान चौकी से अंबा टाकीज मार्ग, कच्चा कटरा से राजघाट पुलिस चौकी तक तथा राजघाट मार्ग से जामा मस्जिद के पीछे तक की सड़कें शामिल हैं।
इस दौरान उप सभापति वेद प्रकाश मौर्य, पार्षद पारुल गुप्ता, प्रदीप कुमार सक्सेना, सीमा सारस्वत, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में स्कूल में घुसे सपाई, नारेबाजी से सहमे बच्चे; 21 नेताओं पर संगीन धाराओं में FIR
