शाहजहांपुर में स्कूल में घुसे सपाई, नारेबाजी से सहमे बच्चे; 21 नेताओं पर संगीन धाराओं में FIR
शिक्षक दिवस पर शाहजहांपुर के ढुकुरी खुर्द विद्यालय में घुसकर प्रदर्शन करने वाले 21 सपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
प्रधानाध्यापक की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराएं लगाईं
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। शिक्षक दिवस पर सपाइयों के विद्यालयों में विरोध व पीडीए पाठशाला का शिक्षकों ने विरोध शुरू कर दिया है। शनिवार को ढुकुरी खुर्द के उच्च प्राथमिक व प्राथमिक विद्यालय में पहुंचकर नारेबाजी करने वाले सपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष समेत 21 नेताओं के विरुद्ध देर रात प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिनमें 11 नामजद हैं।
इन पर सरकारी कार्य व शिक्षण कार्य में बाधा डालने, भय का वातावरण बनाने, पढ़ाई बाधित करने सहित अन्य आरोप लगाए हैं। सपा नेताओं ने जिले में विभिन्न गांवों में विद्यालय पुकारे अभियान के तहत पहुंचकर समायोजन में बंद हो चुके विद्यालयों का संचालन दोबारा से शुरू कराने का वादा करते हुए प्रदर्शन किया।
इसके तहत ढुकुरी खुर्द में भी पार्टी नेता पहुंचे थे। प्रभारी प्रधानाध्यापक अनुज कुमार ने बताया कि सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष मुनेंद्र यादव कार्यकर्ताओं के साथ परिसर में आए और वीडियो बनाते हुए नारेबाजी करने लगे, जिससे छात्रों की पढ़ाई बाधित हुई। उन्होंने इसे छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ बताया।
कहा कि इससे भय का वातावण बना। कई छात्र-छात्राएं घर चले गए। एक दल के नारे लगाए गए। अगर रसोईघर में कुछ मिला दिया जाता तो बड़ी घटना हो सकती थी। पुलिस ने मुनेंद्र के साथ ही सर्वेश वर्मा, सर्वेश, अविनाश वर्मा, लईक अहमद शाह, राजीव पाठक, रामकुमार गौतम, औमकार मौर्या, रमेश वर्मा, शैलेंद्र सिंह व दस अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
