RML इंस्टीट्यूट के नर्सिंग छात्र की मौत में बड़ा मोड़; 5 सहपाठियों पर केस, CCTV फुटेज ने बढ़ाई उलझन
शाहजहांपुर के आरएमएल इंस्टीट्यूट में नर्सिंग छात्र अजय राय की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। परिवार ने ...और पढ़ें

अजय राय फाइल फोटो । सौ. स्वजन
HighLights
बिहार से शाहजहांपुर पहुंचे स्वजन ने लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
संवाद सहयोगी, पुवायां (शाहजहांपुर)। आरएमएल इंस्टीट्यूट के नर्सिंग छात्र अजय राय की मौत के पीछे राज छिपे हैं। वह दो दिन पहले बिहार स्थित घर से लौटे थे, फिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि फंदे पर लटक गए...! इसका जवाब तलाश रहे स्वजन को पांच सहपाठियों पर शक हुआ।
सोमवार रात उन्होंने पांचों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज करा दी। उन्होंने कालेज प्रबंधन की भूमिका भी संदिग्ध बताई।
बिहार के रोहतास निवासी अजय राय पुवायां के बड़ागांव स्थित राम मनोहर लोहिया आफ मेडिकल साइंस (आरएमएल इंस्टीटयूट) में बीएससी चौथे सेमेस्टर के छात्र थे। कालेज के हास्टल में उनका कमरा था। वह 27 मई को बिहार से लौटे, 29 मई को उनका शव कमरे में चादर के फंदे से लटका मिला था।
उस समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आने पर पुलिस व कालेज प्रबंधन आत्महत्या मान रहा था। स्वजन भी बिना तहरीर दिए शव लेकर चले गए थे। सोमवार को उनके पिता विनोद व अन्य स्वजन पुवायां थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि अजय का शव देखने के काफी देर बाद थाने में सूचना देना साक्ष्यों से छेड़छाड़ का शक जता रहा।
कालेज की सीसीटीवी फुटेज देखीं, उसमें कुछ छात्र घबराहट में आसपास में इशारा करते दिख रहे। कालेज पहुंचकर कई लोगों से बातचीत की, जिसमें पता चला कि सुमित, आयुष्मान, आर्यन, नैतिक व अन्य सहपाठी अजय को प्रताड़ित करता था। इन्हीं पांचों की प्रताड़ना के कारण अजय की जान चली गई।
उन्होंने प्रबंधन पर भी सवाल उठाए कि घटना को दबाने, छिपाने का प्रयास किया गया। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि विनोद की तहरीर के आधार पर चार नामजद समेत पांच छात्रों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
