शाहजहांपुर जंक्शन पर बड़ा हादसा: अमृत भारत योजना के गड्ढे में डूबकर युवक की मौत, सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
शाहजहांपुर रेलवे जंक्शन पर अमृत भारत योजना के तहत बन रही स्वचालित सीढ़ियों के लिए खोदे गए पानी भरे गड्ढे ...और पढ़ें

रेलवे स्टेशन पर गड्ढा जिसमें गिरकर अज्ञात व्यक्ति की मौत हुई। जागरण
HighLights
पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण हादसा, अधिकारियों ने कहा-कराएंगे जांच
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। रेलवे जंक्शन पर पानी भरे पांच फीट गड्ढे में डूबकर घुमंतू युवक की जान चली गई। मंगलवार शाम युवक का शव उतराता हुआ मिला। तब घटना की जानकारी हो सकी। मरने वाले की पहचान नहीं हो सकी है। यह गड्ढा स्वचलित सीढ़ियों के निर्माण के लिए खोदा गया था।
मौके पर पर्याप्त सुरक्षात्मक इंतजाम नहीं थे। हालांकि रेलवे के अधिकारियों ने इससे इन्कार किया है। उनका कहना है कि कार्य के दौरान पर्याप्त बैरिकेडिंग थी। युवक कैसे गिरा, इसकी जांच होगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
शाहजहांपुर जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित करते हुए अगस्त 2023 में कार्य शुरू कराया गया था, जिसे वर्ष 2025 में पूरा कराया जाना था, लेकिन कार्यकारी फर्म दिल्ली की कंस्ट्रक्शन इंडिया लिमिटेड की लापरवाही के कारण यह अब तक निर्माणाधीन है।
प्लेटफार्म नंबर एक स्थित जीआरपी थाने के पास कुछ दिन पूर्व स्वचलित सीढ़ियां बनाने के लिए छह फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, लेकिन यहां पर पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं की थी।
शुक्रवार से रविवार तक हुई बरसात के दौरान इसमें पानी भर गया, जिस कारण कार्य भी रुक गया। मंगलवार शाम इसी गड्ढे में युवक गिर गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। जिस स्थान पर गड्ढा है वह प्लेटफार्म के पास है।
पीलीभीत लाइन के प्लेटफार्म पर जाने के लिए लोग इससे होकर जाते हैं, बावजूद इसके लापरवाही बरती गई। जीआरपी के थाना प्रभारी रमाकर यादव ने बताया कि युवक घुमंतू था। स्टेशन पर घूमता रहता था। उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
शव तीन दिन पुराना लग रहा है। रेलवे के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि सीनियर सेक्शन इंजीनियर ओपी शर्मा इस कार्य की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जहां पर घटना हुई है, वहां पर पर्याप्त बैरिकेडिंग थी। जांच कराई जा रही है। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
