दवा नहीं, सीधे डाका! 20 रुपये के दस्ताने 150 में, 80 का यूरिन बैग 600 का- शाहजहांपुर के अस्पतालों का सच
शाहजहांपुर के निजी अस्पतालों में मरीजों से सर्जिकल उत्पादों और दवाओं के लिए बाजार से कई गुना अधिक दाम वसूले ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
बाजार की दुकानों से आठ-दस गुणा महंगे दिए जा रहे सर्जिकल उत्पाद व दवाएं
तय मेडिकल से खरीद करना मजबूरी, बाहर से खरीदा सामान लौटा देता स्टाफ
अजयवीर सिंह यादव, शाहजहांपुर। सर्जिकल ग्लब्ज (दस्ताने) का दाम मालूम है...? बाजार के मेडिकल स्टोर्स से खरीदेंगे तो 20 रुपये में एक जोड़ी मिल जाएंगे। यही ग्लब्ज निजी अस्पतालों के मेडिकल स्टोर्स पर 150 रुपये में मिलेंगे। तीमारदारों को इसके दाम पूछने की अनुमति ना छूट मांगने का अवसर है। इस मनमानी पर रोक लगाने की जिम्मेदारी औषधि सुरक्षा विभाग की है, मगर टीमें नहीं पहुंचतीं।
गुरुवार को दैनिक जागरण ने कई प्रमुख अस्पतालों के मेडिकल स्टोर्स के उत्पादों के दामों की तुलना बाजार की अन्य दुकानों से की तो आठ-दस गुणा तक का अंतर सामने आया।
-1789669765212.webp)
गुरुनानक अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर एक तीमारदार ने यूरिन बैग खरीदा, उनसे 100 रुपये लिए गए। संजीवनी अस्पताल के मेडिकल पर इसकी कीमत 340 रुपये व अनूप अस्पताल में 600 रुपये थी। इन अस्पतालों में ग्लूकोज की बोतल के 70 से 94 रुपये, सर्जिकल ग्लब्ज के 100 से 150 रुपये लिए जा रहे थे।
तीमारदारों ने समस्या बताई मगर, कहने लगे कि 'मरीज को दिक्कत हो जाएगी।' इन उत्पादों के वास्तविक दाम कितने हैं, इसका जवाब सर्जिकल उत्पाद विक्रेता मनोज कुमार से मिला।
-1789669787258.webp)
उन्होंने बताया कि अच्छी गुणवत्ता का यूरिन बैग 80 रुपये, एक जोड़ी सर्जिकल ग्लब्ज 25 में बिक्री करते हैं। मेडिकल स्टोर पर ग्लूकोज की बोतल का दाम 25 रुपये है, जबकि अनूप अस्पताल में 94 रुपये बताए गए थे।
मोहम्मदी निवासी इमरान ने गुरुनानक अस्पताल के मेडिकल स्टोर से चार दिन की दवा 240 रुपये की खरीदी, जबकि बाहर मेडिकल स्टोर पर वही दवा 150 रुपये में मिल रही थी।
आईएमए और चिकित्सकों ने कहा
दामों में इतने अंतर पर आईएमए इकाई अध्यक्ष डाॅ. राकेश मेहरोत्रा ने कहा, हो सकता है कि तीमारदारों से अलग कीमत ली गई हो, मगर निर्धारित मूल्य से ज्यादा नहीं होगी।
अस्पताल संचालक डाॅ. सोमशेखर दीक्षित ने बताया कि परिसर में उनका मेडिकल स्टोर नहीं है। कंपनियों ने उत्पादों पर अधिकतम मूल्य लिखा है, उसी अनुसार बिक्री होती है।
डाॅ. परविंदर सिंह ने कहा कि मरीजों को जरूरत के हिसाब से छूट भी दी जाती है। डाॅ. अनूप अग्रवाल बोले कि जरूरी काम से जिले से बाहर हैं इसलिए मेडिकल स्टोर के बारे में बता पाना संभव नहीं। संजीवनी अस्पताल संचालक डाॅ. अभिषेक गुप्ता को काल की गई लेकिन रिसीव नहीं हुई।
पत्नी की दवा लेने आए थे। अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर चार दिन की दवा 240 रुपये में मिली। -इमरान
10 दिन की दवा 378 रुपये की मिली, बिल नहीं दिया गया। जितने रुपये बताए जाते हैं उतना देना मजबूरी है। बीमारी के मामले में कुछ कहा भी नहीं जा सकता। -फातिमा
बुखार आ रहा था। चिकित्सक के कहने पर ड्रिप लगवाई, इसमें प्रत्येक बोतल 100 रुपये की दी गई। बाद में चिकित्सक ने दवा समेत 2500 रुपये लिए, बिल नहीं दिया। -जगवीर
यह भी पढ़ें- जिंदा मिलने की आस खत्म, बस शव मिल जाए... गंगा में डूबे 4 बेटों के लिए तड़प रहे शाहजहांपुर के ये परिवार
