विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करंट से बालक की मौत पर बड़ा एक्शन: SDO और JE पर मुकदमा दर्ज, सूचना देने के बाद भी नहीं हटाया था फाल्ट

Published: Thu, 20 Aug 2026 10:51 PM (IST)

मीरानपुर कटरा में बिजली के खंभे से करंट लगने से 8 वर्षीय बालक असद की मौत हो गई। शिकायत के ...और पढ़ें

मीरानपुर कटरा में असद के विलाप करते स्वजन और इनसेट में असद का फाइल फोटो

मीरानपुर कटरा में असद के विलाप करते स्वजन और इनसेट में असद का फाइल फोटो

HighLights

  1. बंगशान रामनगर कालोनी में खंभे में लगी स्टिक से हुई घटना, सूचना के बाद भी नहीं दिया गया ध्यान

  2. विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्वजन ने जताया विरोध

संवाद सूत्र, मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते जलालुद्दीन के आठ वर्षीय बेटे असद की जान चली गई। गुरुवार को असद घर के बाहर खेल रहा था। बिजली के खंभे में लगी स्टिक (सपोर्टिंग तार) की चपेट में आने से उसके करंट लग गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

स्वजन ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर सूचना देने के बाद भी ध्यान न देने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। पिता की तहरीर पर उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह व जेई संजय श्रीवास्तव के विरुद्ध कार्य में लापरवाही बरतने की धारा में मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रकरण की विभागीय जांच भी कराई जा रही है।

नगर के मुहल्ला बंगशान रामनगर कालोनी निवासी असद गुरुवार को घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रहा था। जलालुद्दीन के घर के पास ही बिजली का सीमेंटेड खंभा लगा है। खंभे को रोकने के लिए स्टिक बांधी गई थी। जिसमे कई दिनों से करंट आ रहा था।

जलालुद्दीन का आरोप है कि इसके बारे में 28 जुलाई को उपखंड अधिकारी व अवर अभियंता को सूचना दी गई लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष के माध्यम से अधिशासी अभियंता तिलहर को भी सूचना दी गई थी लेकिन उसके बाद भी समाधान नहीं कराया गया।

गुरुवार को असद बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। तार की चपेट में आने से उसके करंट लग गया था। स्वजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए चिकित्सक ने असद को मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही को लेकर विरोध जताना शुरू कर दिया।

प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह को सूचना मिली तो वह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सभी को शांत कराया। कहा जो तहरीर देंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जलालुद्दीन की तहरीर पर दोनों अधिकारियों के विरुद्ध लापरवाही बरतने की धारा में मुकदमा दर्ज करवा दिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद हटवाया गया तार

असद की मृत्यु होने के बाद अधिशासी अभियंता कृष्ण गोपाल अग्रवाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच कराने पर पता चला कि स्टिक में दूसरा तार छू रहा था जिस वजह से उसमे करंट आ रहा था। अधिशासी अभियंता ने अपने सामने ही फाल्ट को ठीक कराया।

पहले भी इस तरह जा चुकी बालक की जान

23 जून को कांट के मरहैय्या तृतीय मुहल्ले में ठीक इसी तरह घटना हो चुकी है। तब फुरकान के पांच वर्षीय बेटे अमान अली की घर के बाहर लगे खंभे की स्टिक छूने से करंट लगने से मृत्यु हो गई थी। उस मामले में भी विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई थी लेकिन उसके बाद भी इस तरह की शिकायत मिलने पर लापरवाही बरती गई। जिस वजह से बालक की फिर जान चली गई।

 

किस स्तर पर लापरवाही बरती गई इसकी जांच कराई जा रही है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। विभाग की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता बालक के स्वजन को दिलाई जाएगी।

- कृष्ण गोपाल अग्रवाल, अधिशासी अभियंता


यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर हत्याकांड: इंस्टाग्राम विवाद में गौतम की हत्या करने वाले समीर के घर पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त