करवा चौथ के लिए आए हल्के वजन वाले हैवी लुक के गहने, शाहजहांपुर के मार्केट में मंगलसूत्र और पायल की धूम
शाहजहांपुर के सराफा बाजार में करवा चौथ के लिए हल्के वजन वाले, लेकिन आकर्षक गहनों की नई रेंज आई है। ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
शाहजहांपुर में करवा चौथ के लिए हल्के गहनों की नई रेंज।
सोने-चांदी के बढ़ते भाव पर भी आकर्षक डिजाइन उपलब्ध।
डायमंड ज्वेलरी पर शून्य मेकिंग चार्ज जैसे ऑफर।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। करवा चौथ पर चांद के दीदार के साथ जीवनसाथी के प्रति प्रेम जताने की तैयारी में जुटी महिलाओं के लिए सराफा बाजार में हल्के वजन के आकर्षक गहनों की नई रेंज उपलब्ध है। सोने-चांदी की कीमतों में तेजी के बीच कम वजन में भारी लुक देने वाले आभूषण ग्राहकों को लुभा रहे हैं।
तीन से पांच ग्राम तक के मंगलसूत्र से लेकर डिजाइनर अंगूठी, टॉप्स, बिछिया और पायल तक के विकल्प हैं। डायमंड ज्वेलरी भी महिलाओं की पसंद में शामिल है। वहीं, पति-पत्नी के बीच उपहारों के आदान-प्रदान के लिए सोने-चांदी के सिक्के और अन्य गिफ्ट आइटम भी बाजार में सज गए हैं। कारोबारियों को त्योहार पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है।

हल्के वजन में आकर्षक डिजाइन
सोने-चांदी के बढ़े भाव के कारण ग्राहक हल्के वजन के आभूषण पसंद कर रहे हैं। बाजार में ऐसे गहने उपलब्ध हैं, जो कम वजन के बावजूद हैवी लुक देते हैं। डायमंड ज्वेलरी में चेन, ब्रेसलेट और अंगूठी के विकल्प हैं। आभूषणों की कीमत करीब 25 हजार रुपये से शुरू होती है। करवा चौथ तक प्रत्येक खरीद पर एक शुद्ध चांदी का सिक्का दिया जाएगा। -शाश्वत गुप्ता, सराफा व्यापारी।
बजट के अनुसार खरीदारी
ग्राहक अपनी क्षमता के हिसाब से सोने, चांदी और डायमंड के आभूषण खरीद रहे हैं। बिछिया और पायल की मांग बनी रहती है। वहीं, डायमंड की अंगूठी, टॉप्स और पेंडेंट भी महिलाओं को पसंद आ रहे हैं। करवा चौथ पर महिलाएं पारंपरिक आभूषणों के साथ आधुनिक डिजाइन भी पसंद कर रही हैं। बाजार में अलग-अलग बजट के विकल्प उपलब्ध हैं। -संजीव वर्मा, सराफा व्यापारी।
हल्के मंगलसूत्र और गिफ्ट आइटम
सोने का भाव करीब 1.50 लाख रुपये के आसपास होने के कारण हल्के वजन के गहनों की मांग है। साढ़े 13 हजार रुपये से अंगूठियां उपलब्ध हैं। तीन से पांच ग्राम तक के मंगलसूत्र और तीन ग्राम का हार, टॉप्स व बिछिया का सेट भी है। सोने-चांदी के सिक्कों के साथ फोटो फ्रेम और विजिटिंग कार्ड रखने के केस जैसे उपहार उपलब्ध हैं। डायमंड ज्वेलरी पर शून्य प्रतिशत मेकिंग चार्ज का विकल्प भी दिया जा रहा है। -विनीत, सराफा व्यापारी।
खरीदारी में गुणवत्ता का रखें ध्यान
करवा चौथ पर महिलाएं बिछिया, पायल और नाक के फूल जैसे आभूषण खरीदती हैं। पति भी अपनी क्षमता के अनुसार पत्नी को उपहार देते हैं। इस बार चांदी की बिक्री में करीब 50 प्रतिशत और सोने की बिक्री में 30 प्रतिशत तक कमी आई है। ग्राहकों को आकर्षक ऑफर के बजाय आभूषणों की गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए। प्रतिष्ठित शोरूम से खरीदारी करें, एचयूआइडी अंक की जांच करें और जीएसटी बिल अवश्य लें। -विनोद सराफ, अध्यक्ष, सदर बाजार सराफा एसोसिएशन।
यह भी पढ़ें- सहारनपुर में करवा चौथ की खरीदारी ने पकड़ी रफ्तार, 1400 रुपये वाले स्पेशल सूट की मांग सबसे अधिक
