विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नौकरी के नाम पर आजमगढ़ की 12 युवतियों को शाहजहांपुर बुलाकर कराया झाड़ू-पोंछा, छह पर FIR

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Sun, 08 Nov 2026 02:31 AM (IST)

शाहजहांपुर में नौकरी का झांसा देकर आजमगढ़ की 12 युवतियों को बुलाया गया, जहां उनसे घरेलू काम कराया गया और विरोध करने पर धमकाया गया।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. आजमगढ़ की 12 युवतियों को नौकरी का झांसा दिया।

  2. शाहजहांपुर बुलाकर उनसे घरेलू काम और सफाई कराई गई।

  3. विरोध करने पर धमकाया गया, छह लोगों पर FIR दर्ज।

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। घरेलू उपयोग के उत्पाद बनाने वाली कंपनी में नौकरी का झांसा देकर आजमगढ़ की 12 युवतियों को शाहजहांपुर बुलाया गया। आरोप है कि उनसे नौकरी के बजाय झाड़ू-पोंछा और सफाई कराई, विरोध पर धमकाया गया। शनिवार को एक युवती की शिकायत पर कंपनी से जुड़े तीन महिलाओं समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है। आजमगढ़ के दोस्तपुर गांव की खुशबू ने पुलिस को बताया कि दो फरवरी, 2025 को आशा इंटरप्राइजेज की अर्चना और गुंजा ने उन्हें फोन किया था। उन्होंने कार्यालय में नौकरी दिलाने और 30 हजार रुपये मासिक वेतन देने की बात कही थी। अर्चना से पहले से परिचय होने के कारण खुशबू ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया।

खुशबू के मुताबिक, शाहजहांपुर पहुंचने पर साक्षात्कार के नाम पर उन्होंने चंद्रभान सिंह के पास 20 हजार रुपये जमा किए। इसके बाद चंद्रभान, रमेश चंद्र यादव, अभिषेक कुमार, गुंजा, रमिता और अर्चना ने साक्षात्कार लिया। आरोप है कि उसी दिन से खुशबू और आजमगढ़ की 11 अन्य युवतियों को बंधक बना लिया गया। उनसे झाड़ू-पोंछा, नाली की सफाई और सभी के कपड़े साफ कराने का काम लिया जाता था।

खुशबू ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के सदस्यों से केवल हैंड्स-फ्री पर बात कराई जाती थी, ताकि वे घरवालों को कुछ न बता सकें। किसी को जानकारी देने पर जिंदगी खराब करने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। डर के कारण वे चुप रहीं।

सात अगस्त को घर पहुंचने पर भी उन्होंने कुछ नहीं बताया। दो दिन पहले ड्यूटी पर जाने की चर्चा के दौरान उन्होंने परिवार को पूरी बात बताई, जिसके बाद शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, उत्पीड़न और एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई है। तहरीर पर खुशबू के अलावा निधि गौर, पूजा यादव, अंजली चौहान, सपना कुमारी, कुसुम राजभर, प्रीतिमा प्रजापति, सरेमा और प्रीति समेत अन्य के हस्ताक्षर हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।