विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मनमानी पड़ी भारी: बिजली विभाग की अनदेखी से 8 साल के बच्चे की मौत, SDO-JE पर FIR के बाद विद्युत सुरक्षा निदेशालय करेगा जांच

Published: Fri, 21 Aug 2026 08:02 PM (IST)

शाहजहांपुर में बिजली के खंभे के सपोर्टिंग तार में करंट आने से 8 साल के बच्चे असद की मौत हो ...और पढ़ें

रामनगर कालोनी में जांच करने पहुंचे अवर अभियंता पंकज शर्मा । जागरण

रामनगर कालोनी में जांच करने पहुंचे अवर अभियंता पंकज शर्मा । जागरण

HighLights

  1. बिजली के खंभे में लगी स्टिक (सपोर्टिंग तार) में करंट आने से चली गई थी बालक की जान

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। विद्युत सुरक्षा निदेशालय की टीम मीरानपुर कटरा के बंगशान रामनगर कालोनी में हुई घटना की जांच करेगी। अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह ने भी एक्सईएन प्रथम अनिल कुमार व एई मीटर प्रवेश कुमार के नेतृत्व एक अलग से टीम गठित कर दी है। बिजली के खंभे में लगी स्टिक (सपोर्टिंग तार) की चपेट में आने से जलालुद्दीन के आठ वर्षीय बेटे असद की गुरुवार को जान चली गई थी।

जबकि स्टिक में करंट आने की सूचना 28 जुलाई को देने के बाद भी ध्यान न देने के आरोप में उपपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह व अवर अभियंता संजय श्रीवास्तव के विरुद्ध कार्य में लापरवाही बरतने की धारा में मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है।

अवर अभियंता को निलंबित करने के बाद वहां ग्रामीण के अवर अभियंता पंकज शर्मा को अतिरिक्त जिम्मेदारी दे दी गई है। असद गुरुवार को घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रहा था। जलालुद्दीन के घर के पास ही बिजली का सीमेंटेड खंभा लगा है।

खंभे को रोकने के लिए स्टिक बांधी गई थी। जिसमे कई दिनों से करंट आ रहा था। जिसकी चपेट में आने से असद की मृत्यु हो गई थी।जलालुद्दीन ने जो आरोप लगाए थे उससे यह स्पष्ट हो रहा है कि बिजली विभाग के अधिकारियों की मनमानी के चलते यह घटना हुई थी।

बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों ने भी इस प्रकरण को गंभीरता से लिया। जिस वजह से विद्युत सुरक्षा निदेशालय की टीम के अलावा एक और टीम को गठित कर दिया गया ताकि बारीकी से हर बिंदु पर जांच हो सके। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी। दोनों टीमें अपनी-अपनी रिपोर्ट भी जल्द से जल्द तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजेंगी।

दूसरे दिन भी सुधार कराने पहुंचीं टीम

असद की मृत्यु हो होने के बाद अधिशासी अभियंता कृष्ण गोपाल अग्रवाल ने टीम के साथ गुरुवार को ही मौके पर जाकर जांच की थी। स्टिक में जो तार छू रहा था उसे ठीक करवा दिया गया था। जबकि शुक्रवार को अवर अभियंता पंकज शर्मा टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने खंभे से लेकर तारों में जहां-जहां खामियां थी उन्हें दूर कराया। ताकि दोबारा इस तरह की घटनाएं न हो।

 

सुरक्षा निदेशालय के अलावा एक टीम को अपने स्तर से भी गठित किया है। अभी तक जो कार्रवाई होना संभव था वह की जा चुकी है। आगे की कार्रवाई अब जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही की जाएगी।

- अनुज प्रताप सिंह, अधीक्षण अभियंता


यह भी पढ़ें- करंट से बालक की मौत पर बड़ा एक्शन: SDO और JE पर मुकदमा दर्ज, सूचना देने के बाद भी नहीं हटाया था फाल्ट