शाहजहांपुर में मंदिर जा रही महिलाओं पर गिरे पंख, हंगामा
शाहजहांपुर (जेएनएन)। कांट कस्बा के मुख्य मार्ग पर पूजा करने मंदिर जा रहीं महिलाओं पर म
शाहजहांपुर (जेएनएन)। कांट कस्बा के मुख्य मार्ग पर पूजा करने मंदिर जा रहीं महिलाओं पर मुर्गे के पंख गिर गए। इस पर महिलाओं ने हंगामा कर दिया और मीट व्यवसायी से तीखी नोकझोंक हुई। विवाद बढ़ने पर दुकानदार खुली दुकानें छोड़कर भाग गए। मौके पर पहुंची यूपी 100 टीम ने मामला शांत किया।
रविवार सुबह करीब आठ बजे मुहल्ला गढ़ी पूर्वी निवासी आधा दर्जन महिलाएं शाहजहांपुर रोड स्थित शीतला देवी मंदिर में पूजा करने जा रही थीं। महुआ तिराहा के पास मीट की करीब आधा दर्जन दुकानों पर मुर्गा काटे जा रहे थे। तभी महिलाओं पर मुर्गे के पंख गिर गए। इससे बचने के प्रयास में महिलाओं के हाथ से पूजा की सामग्री भी गिर गई। नाराज महिलाओं ने शोर शराबा किया तो देखते ही देखते भीड़ लग गई। यूपी 100 की टीम ने कुछ संभ्रांत लोगों की मदद से मामले को शांत कराया। महिलाएं बगैर पूजा किए अपने-अपने घरों को लौट गईं। इंस्पेक्टर हरीश रावत ने बताया कि घटना की सूचना थाने पर नहीं आई। अगर मंदिर जाने वाले रास्तों पर मीट की दुकानों से श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है तो दुकानों को बंद करा दिया जाएगा।