राजपाल यादव को बड़ी राहत: 16 करोड़ के लोन मामले में टली शाहजहांपुर की जमीन की कुर्की
अभिनेता राजपाल यादव की शाहजहांपुर स्थित कृषि भूमि की ऑनलाइन कुर्की टल गई है। 16 करोड़ रुपये के बैंक लोन ...और पढ़ें

राजपाल यादव
HighLights
16 करोड़ का लोन बकाया होने पर संपत्तियों पर चस्पा हुई थी नोटिस
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। बैंक लोन की अदायगी न करने के मामले में अभिनेता राजपाल यादव की भूमि की आनलाइन कुर्की टल गई। इसके लिए बैंक ने बुधवार का दिन तय किया था, मगर उससे पहले राजपाल के भाई श्रीपाल यादव ने आपत्ति जता दी थी। उन्होंने तर्क दिया कि कृषि भूमि की नीलामी नहीं हो सकती।
कुंडरा गांव निवासी राजपाल यादव ने वर्ष 2010 मे सेंट्रल बैंक की मुंबई के बांद्रा कुर्ला स्थित शाखा से तीन करोड़ रुपये का ऋण लिया था। यह रकम उन्होंने फिल्म में लगाई, जो चली नहीं। वह ऋण भी अदा नहीं कर सके।
कुछ समय बाद ब्याज व पेनाल्टी मिलाकर ऋण की रकम 16.61 करोड़ रुपये हो गई। राजपाल ने अपनी मां गोदावरी देवी व पत्नी राधा यादव को गारंटर बनाया था।
ऐसे में ऋण अदायगी न होने पर बैंक ने पिछले माह राजपाल, उनकी मां व पत्नी के नाम पर मुंबई स्थित चार फ्लैट, शहर में कचहरी रोड स्थित भूखंड, बंडा में कृषि भूमि व उस पर बने भवन पर नोटिस चस्पा कर दी थी।
उसमें लिखा गया कि बंडा स्थित भूमि की आनलाइन नीलामी कर 3.19 करोड़ रुपये वसूले जाएंगे। नीलामी की बेस कीमत 3.10 करोड़ रुपये रखी गई। राजपाल के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने बताया कि कृषि भूमि की नीलामी का नियम नहीं है।
बैंक को इस संबंध में पत्र भेजकर आपत्ति जताई थी। सेंट्रल बैंक की स्थानीय शाखा के प्रबंधक अमित वर्मा ने बताया कि बुधवार को नीलामी की प्रक्रिया मुंबई कार्यालय के माध्यम से होनी थी, लेकिन यहां कोई संपर्क नहीं किया गया। एसडीएम सदर अतुल कुमार सिंह ने भी राजस्व टीम से संपर्क न किए जाने की बात कही है।
