चकरोड को लेकर हुए विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या
चकरोड को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार को युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद हमलावर फायरिग करते हुए भाग गए। मुख्य आरोपित को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हालांकि पुलिस इससे इन्कार कर रही है।
जेएनएन, बंडा, शाहजहांपुर : चकरोड को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार को युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद हमलावर फायरिग करते हुए भाग गए। मुख्य आरोपित को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हालांकि पुलिस इससे इन्कार कर रही है।
गुनहा खमरिया गांव निवासी रतिराम यादव का चकरोड को लेकर पड़ोसी गांव चिल्हौटा निवासी रजनीश कुमार से विवाद चल रहा था। एक सप्ताह पहले राजस्व व पुलिस टीम ने चकरोड की नाप भी कराई थी, लेकिन दोनों पक्ष संतुष्ट नहीं थे। शुक्रवार सुबह रतिराम भतीजे सुरेंद्र सिंह, भाई राधेश्याम व स्वजन के साथ खेत पर आलू पर मिट्टी चढ़ा रहे थे। इसी बीच रजनीश साथियों के साथ ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंच गया। रतिराम ने खेत में ट्रैक्टर ले जाने का विरोध किया तो दोनों में कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ा तो रजनीश ने रतिराम को ट्रैक्टर से दबाने की कोशिश की, बाद में रिवाल्वर से उसके पेट व गर्दन के पास गोली मार दी। रतिराम के भतीजे व स्वजनों पर भी फायर किया। उन लोगों ने भाग कर जान बचाई। इसके बाद आरोपित भाग गए। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने रतिराम को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद एसपी एस आनंद भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हत्यारोपितों को गिरफ्तार करने के लिए दो टीमें लगाई। पुलिस ने सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर मुख्य आरोपित रजनीश कुमार उसके पिता कृष्ण कुमार, भाई शिवम, कुलदीप व परिवार के ही नन्हे व अखिलेश पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। रतीराम पांच भाइयों में सबसे छोटा था।
महिलाओं को लिया हिरासत में तब पहुंचा मुख्य आरोपित
रतीराम की हत्या के बाद पुलिस ने आरोपित के घर पर दबिश दी। तीन-चार महिलाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इसके बाद मुख्य आरोपित स्वयं ही थाने पहुंच गया।
इसलिए है तलाब
चकरोड के एक साइड में रतिराम तो दूसरी साइड में रजनीश का खेत है। पैमाइश के दौरान रतिराम के खेत में बढ़ाकर चकरोड निकाल दिया गया था। जिस वजह से दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति थी। इससे पहले भी दोनों में विवाद हो चुका है। वहीं, रतिराम की हत्या के बाद उनके स्वजन व ग्रामीण भड़क गए। ट्रैक्टर से रजनीश के खेत में खड़ी गेहूं की फसल को जोत दिया। मुकदमा दर्ज करवा दिया गया है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। रिवाल्वर व अन्य जो भी लाइसेंसी शस्त्र थे उनके निरस्तीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाएगी।
एस आनंद, एसपी