किसान परेशान हुए तो अफसरों की बढ़ जाएगी परेशानी
विधायक चेतराम ने बुधवार को मंडी में धान खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अव्यवस्थाओं के लिए एसडीएम दशरथ कुमार व मंडी सचिव शैलेंद्र सिंह से नाराजगी जतायी। दरअसल किसानों ने क्रय केंद्रों के बाहर पड़ा धान दिखाते हुए परेशान करने की शिकायत की। इस पर विधायक का पारा हाई हो गया।
जेएनएन, पुवायां, शाहजहांपुर: विधायक चेतराम ने बुधवार को मंडी में धान खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अव्यवस्थाओं के लिए एसडीएम दशरथ कुमार व मंडी सचिव शैलेंद्र सिंह से नाराजगी जतायी। दरअसल किसानों ने क्रय केंद्रों के बाहर पड़ा धान दिखाते हुए परेशान करने की शिकायत की। इस पर विधायक का पारा हाई हो गया। एसडीएम व मंडी सचिव को किसानों से सीधी खरीद के निर्देश दिए। आगाह किया कि किसान परेशान हुए तो सभी की परेशानी बढ़ जाएगी। उन्होंने विधानसभा में अनियमित्ताओं का मामला उठाए जाने की चेतावनी दी। विधायक ने दस क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर रोजाना धान खरीद की रिपोर्ट मांगी। कहा कि क्रय केंद्र प्रभारी धान खरीद की रोजाना उन्हें रिपोर्ट दें। मंडी सचिव शैलेंद्र सिंह को फटकारते हुए कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा। चौढे़रा क्षेत्र के आए एक किसान का धान क्रय केंद्र पर अपने सामने तौलवाया। किसानों को अपना नंबर दिया, कहा कि यदि किसी को परेशानी हो तो तुरत बताएं, मदद की जाएगी।