Karwa Chauth Trend: करवा चौथ पर साड़ी से मैचिंग चूड़ियों और ज्वेलरी का बढ़ा क्रेज, जानें बाजार का नया ट्रेंड
शाहजहांपुर में करवा चौथ की तैयारियों के बीच साड़ी-सूट से मैचिंग चूड़ियों और ज्वेलरी का क्रेज बढ़ गया है। बाजार ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
साड़ी-सूट के रंग से मेल खाते चूड़े, कंगन और आर्टिफिशियल ज्वेलरी महिलाओं की पसंद
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। करवा चौथ की तैयारियों के साथ बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। साड़ी और सूट के रंग से मेल करती चूड़ियां, कंगन और आर्टिफिशियल ज्वेलरी महिलाओं के शृंगार का खास हिस्सा बन रहे हैं।
लाल, मैरून, गुलाबी, हरे और सुनहरे रंग की चूड़ियों के साथ पारंपरिक रजवाड़ी और पंजाबी चूड़ों की मांग है। कांच, लाख और मेटल की चूड़ियों के अलावा स्टोन, कुंदन और अमेरिकन डायमंड के डिजाइन भी पसंद किए जा रहे हैं।
चूड़ियों के साथ मैचिंग ज्वेलरी खरीदने का चलन बढ़ा है, इसलिए दुकानदारों ने तरह-तरह के डिजाइन सजाए हैं। दुकानदारों के मुताबिक, आनलाइन खरीदारी का असर बिक्री पर पड़ रहा है।
मगर, चूड़ियां और सुहाग का सामान अब भी दुकानों से खरीदना पसंद किया जा रहा है। चूड़ी विक्रेता अतुल सक्सेना ने बताया कि रजवाड़ी चूड़े छह सौ से एक हजार पांच सौ रुपये और पंजाबी चूड़े पांच सौ से एक हजार चार सौ रुपये तक उपलब्ध हैं।
कांच की जेली और कश्मीरी चूड़ियों के सेट 50 से ढाई सौ रुपये तक मिल रहे हैं। एडी रजवाड़ी कंगन ढाई सौ से सात सौ रुपये तक के हैं। पेंच वाले कंगन, एडी स्टोन और अमेरिकन डायमंड के डिजाइन भी पसंद किए जा रहे हैं।
विक्रेता नमन के अनुसार, लाल, पर्पल, बैंगनी और ग्रे रंग की पानी वाली चूड़ियों के 12 के सेट की कीमत 180 रुपये है। राजस्थानी मल्टीकलर और हरी चूड़ियां 12 के सेट में ढाई सौ रुपये की हैं।
घुंघरू वाले कड़े 100 रुपये में चार मिल रहे हैं। राजस्थानी चूड़े आठ सौ रुपये से शुरू हैं, जबकि बच्चों के चूड़ी सेट 80 और सौ रुपये में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि आनलाइन खरीदारी बढ़ने से दुकानों की बिक्री कम है।
चूड़ी विक्रेता पंकज कुमार ने बताया कि पानी वाली चूड़ियां बाजार में नया विकल्प हैं और जल्दी खराब नहीं होतीं। कश्मीरी चूड़ियां 160 रुपये में, जबकि स्टोन और कुंदन के कंगन 100 रुपये से शुरू हैं।
कांच, सीप और ब्रास के कंगन के साथ करादें भी उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 60 रुपये से शुरू है। आर्टिफिशियल ज्वेलरी व्यापारी अभिषेक वर्मा ने बताया कि करवा चौथ के लिए चूड़ियों के रंग और डिजाइन से मेल खाते आभूषण उपलब्ध हैं।
इनमें सोने-चांदी के गहनों जैसे डिजाइन हैं और शुरुआती कीमत सात सौ रुपये है। कम कीमत में आकर्षक आभूषण मिलने से महिलाएं इन्हें त्योहार के शृंगार के लिए पसंद कर रही हैं। इनके खो जाने पर असली सोने-चांदी के गहनों की तरह अधिक नुकसान नहीं होता।
