करवाचौथ पर निखरेगा रूप: कास्मेटिक बाजार में नए शेड्स की धूम, महिलाओं की पसंद बने ये मेकअप प्रोडक्ट्स
करवाचौथ के त्योहार के करीब आते ही मुरादाबाद के बाजारों में महिलाओं के साज-शृंगार की तैयारियां तेज हो गई हैं। ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
करवाचौथ और दीपावली के लिए भी ब्रांडेड मेकअप उत्पादों की खरीदारी तेज
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। करवाचौथ का त्योहार नजदीक आते ही महिलाओं के साज-शृंगार की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। इस बार बाजार में केवल साड़ी, चूड़ी और आभूषण ही नहीं, बल्कि मेकअप के नए अंदाज और आकर्षक कास्मेटिक उत्पादों की भी खूब मांग है। महिलाएं करवाचौथ पर अपने रूप को खास बनाने के लिए लिपस्टिक के नए शेड, चमकदार आइशैडो, वाटरप्रूफ काजल, मस्कारा और मेकअप की अन्य सामग्री पसंद कर रही हैं।
साड़ी के रंग से मैचिंग लिपस्टिक और नेल पेंट के साथ ही चेहरे पर निखार लाने वाले उत्पादों की भी पूछताछ बढ़ी है। बुध बाजार, ताड़ीखाना रोड, जीएमडी रोड, मंडी चौक, टाउनहाल, मानपुर और नवीन नगर समेत शहर के प्रमुख बाजारों में कास्मेटिक की दुकानों पर महिलाओं की चहल-पहल बढ़ गई है।
नवरात्र से शुरू हुई खरीदारी अब करवाचौथ के लिए जोर पकड़ रही है। दीपावली को देखते हुए भी दुकानदारों ने नए उत्पादों और अलग-अलग कंपनियों के मेकअप आइटम का स्टाक मंगाया है।

इस बार महिलाओं की पसंद में मैट और लांग लास्टिंग लिपस्टिक, पिंक, मैरून और रेड शेड शामिल हैं। वहीं आंखों के मेकअप के लिए गोल्डन, ब्राउन, कापर और शिमर आइशैडो पसंद किए जा रहे हैं।
मेकअप को लंबे समय तक टिकाने के लिए प्राइमर, फाउंडेशन, कंसीलर और सेटिंग स्प्रे की भी मांग है। रामगंगा विहार की राधिका शर्मा करवाचौथ और दीपावली की खरीदारी एक साथ कर रहे हैं।
इसके अलावा ब्लशर, हाइलाइटर, आइलाइनर, मस्कारा, काजल और मेकअप ब्रश की खरीदारी भी हो रही है। शहर में करीब 350 थोक और खुदरा कास्मेटिक दुकानें हैं। आठ के करीब ब्रांडेड शोरूम भी संचालित हैं।

बाजार में ब्रांडेड उत्पादों के साथ स्थानीय कंपनियों के उत्पाद भी उपलब्ध हैं। महिलाएं गुणवत्ता और टिकाऊपन की जानकारी लेकर खरीदारी कर रही हैं। मानपुर के कास्मेटिक दुकानदार धीरज छाबड़ा बताते हैं कि त्योहारों को देखते हुए पूरा स्टाक मंगाया गया है।
नवरात्र में खरीदारी अच्छी रही है। अब करवाचौथ और फिर दीपावली के लिए महिलाएं मेकअप उत्पाद खरीद रही हैं। ब्रांडेड लिपस्टिक और आंखों के मेकअप के उत्पादों के प्रति खास आकर्षण है।
ब्यूटी पार्लर संचालिका एकता जैन के अनुसार, अच्छे मेकअप के लिए उत्पादों की गुणवत्ता सबसे जरूरी है। वह अपने इस्तेमाल का सामान दिल्ली से खरीदती हैं, लेकिन स्थानीय बाजार में भी महिलाओं की खरीदारी बढ़ी है।
यह भी पढ़ें- Karwa Chauth Sargi: अब सिर्फ फेनी-मठरी नहीं, करवा चौथ की सरगी थाली में बढ़ रहा ड्राई फ्रूट्स और मखाने का रुझान
