भाजपा नेता की पिटाई के बाद इंस्पेक्टर को हटाया
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष निर्मोद कुमार की थाने में पिटाई मामले में प्रभारी निरीक्षक को एसपी ने रविवार को हटा दिया था। मदनापुर प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह को बंडा थाने का चार्ज दिया गया है। हालांकि भाजपा नेता ने जिस दारोगा पर पीटने का आरोप लगाया है उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
जेएनएन, शाहजहांपुर : भाजपा अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष निर्मोद कुमार की थाने में पिटाई मामले में प्रभारी निरीक्षक को एसपी ने रविवार को हटा दिया था। मदनापुर प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह को बंडा थाने का चार्ज दिया गया है। हालांकि भाजपा नेता ने जिस दारोगा पर पीटने का आरोप लगाया है उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
बंडा थाना क्षेत्र के हेतमनगला गांव निवासी एवं भाजपा अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष निर्मोद कुमार ने शनिवार को सीओ नवनीत कुमार नायक को शिकायती पत्र देकर बताया था कि दो माह पहले गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद हो गया था। आइजीआरएस पर जब शिकायत की तो पुलिस ने फर्जी रिपोर्ट लगा दी थी। शनिवार को बंडा थाने में बुलाकर वहां के एक दारोगा ने उनकी पिटाई कर दी थी। मामले से भाजपा जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा को भी अवगत कराया। रविवार को एसपी ने बंडा के प्रभारी निरीक्षक चंद्रपाल सिंह को हटाकर चुनाव सेल का प्रभारी बनाया। मदनापुर के प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह को बंडा थाने की जिम्मेदारी सौंपी। वहीं, पुलिस लाइन से धर्मेंद्र सिंह को मदनापुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया।
एक नजर ग्रामीण से मोबाइल व नकदी लूटी
रोजा : मानपुर चचरी गांव निवासी अमनदीप पाल ने बताया कि रविवार दोपहर बाद वह शहर से वापस घर आ रहे थे। गांव से कुछ दूर पहले से मौजूद दो लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि तमंचा दिखाकर मोबाइल व चार सौ रुपये लूट लिए। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह ने पुलिस को मौके पर भेजा गया था। मामले की जांच की जा रही है।
मिठाई की दुकान में चोरी
रोजा : रामचंद्र मिशन क्षेत्र के कनेग गांव निवासी रामरूप मौर्य ने बताया कि हरदोई चौराहा के पास भाई रामदयाल की मिठाई की दुकान है। रविवार को दुकान से चीनी व घी आदि चोरी हो गया था। उन्होंने ग्वारी गांव के लोगों पर चोरी का आरोप लगाया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने जांच की जा रही है।