बच्चे के साथ नहर में डूबी महिला
शाहजहांपुर : मकसूदापुर नहर में डेढ़ साल के बच्चे के साथ एक महिला नहर में डूब गई। बच्च
शाहजहांपुर : मकसूदापुर नहर में डेढ़ साल के बच्चे के साथ एक महिला नहर में डूब गई। बच्चे का शव मिल गया है। महिला की तलाश गोताखोर कर रहे हैं। महिला की शिनाख्त होने के बाद ही पर्दाफाश हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।
शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे एक महिला अपने डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ गांव मकसूदापुर के पास से गुजरने वाली नहर में डूब गई। यह देख ग्रामीण उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। पानी के तेज बहाव से महिला ओझल हो गई पर बच्चा पानी में ऊपर काफी दूर तक बहता रहा। ग्रामीण बच्चे को बचाने के लिए काफी दूर तक दौड़े, करीब एक किलोमीटर दूरी पर बच्चा नहर किनारे लगे झाड़ में फंस गया। ग्रामीणों ने जब तक बच्चे को निकाला तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। महिला की चप्पल करीब एक किलोमीटर तक पानी में बहती रहीं। ग्रामीण चप्पलों के पीछे-पीछे दौड़ते रहे पर कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से महिला को काफी तलाश किया, पर पता नहीं चल सका।
-------
बाइक से उतरकर नहर में कूदी महिला
गांव कुआडांडा निवासी प्रत्यक्षदर्शी राजेश कुमार ने बताया कि नहर के पुल पर एक बाइक आकर रुकी। बाइक पर दो व्यक्ति एक बच्चा और एक महिला थी। महिला की गोद में एक बच्चा था। महिला बच्चे को लेकर बाइक से उतरी उसने पहले अपने बच्चे को नहर में फेंक दिया। इसके बाद वह खुद भी नहर में कूद गई। फिर बाइक सवार दोनों व्यक्ति बच्चे के साथ बिलसंडा की तरफ भाग गए।
---
गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश की जा रही है। पानी का बहाव तेज होने की वजह से महिला का शव मिल नहीं पा रहा है। बच्चे का शव मिल गया है। शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में संपर्क किया गया है। बच्चे का डीएनए सैंपल लिया जाएगा।
- मोहम्मद आरिफ, थाना प्रभारी