सैनिटाइज के साथ ही कोरोना से बचाव के टिप्स
प्रशासन ने शहर के हॉटस्पॉट घोषित किए गए क्षेत्र में गुरुवार को भी सैनिटाइज कराया गया।
जेएनएन, शाहजहांपुर :प्रशासन ने शहर के हॉटस्पॉट घोषित किए गए क्षेत्र में गुरुवार को भी सैनिटाइज कराया गया। इस दौरान लोगों को कोरोना से बचाव के बारे में भी जागरूक किया गया।
शहर के मुहल्ला मोहम्मदजई में मुंबई से आया एक प्रवासी कोरोना पॉजिटिव मिला था। इसके बाद आधा किमी का एरिया सील कर दिया गया। प्रशासन दमकल व नगर निगम की टीम के जरिये लगातार मुहल्ले में सैनिटाइजर करवा रहा है ताकि कोरोना संक्रमण न फैल सके। गुरुवार को भी कर्मचारियों ने लोगों को जागरूक किया। कहा बेहद जरूरी काम पड़ने पर ही घर से निकले। क्योंकि कोरोना को हराने के लिए घर में रहना ही एक मात्र विकल्प है।
श्रमिकों का जुटाया जा रहा डाटा
संस पुवायां :मंडी समिति सभागार में राजस्व निरीक्षकों की एक बैठक हुई। एसडीएम ने दूसरे राज्यों से आने वालों पर निगरानी समिति द्वारा लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। कहा जरूरतमंदों तक खाद्यान्न सामग्री पहुंचाई जा सके इसके लिए हर किसी के बारे में जानकारी होनी चाहिए। तहसीलदार तृप्ति गुप्ता ने क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षकों को दिशा निर्देश दिए कि वह बाहर से आने वाले प्रवासी मजदूरों का डाटा गांव की निगरानी समिति से जल्द से जल्द जुटा ले। लेखपाल व कानूनगो अपने अपने गांव में जा जाकर मजदूरों का बैंक एकाउंट, आधार, मजदूर कहां से आए हैं इसके बारे में भी जानकारी ले।