यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 18, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Shahjahanpur Flood Alert: उफनाने लगी गर्रा, खन्नौत में भी तेजी से बढ़ रहा जलस्तर; सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए लोग
शाहजहांपुर में गर्रा और खन्नौत नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है हालांकि खतरे के निशान से नीचे है। ...और पढ़ें

HighLights
- गर्रा और खन्नौत नदी में जलस्तर बढ़ा |
- जैव विविधता पार्क में भरा पानी |
- निचले इलाकों में अलर्ट जारी |
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। नदियों में बांधों से पानी छोड़े जाने का क्रम लगातार जारी है। शहर की गर्रा व खन्नौत नदी में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि दोनों ही नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे हैं लेकिन देर रात तक इनमें और वृद्धि होने की संभावना है।
ककरा स्थित जैव विविधता पार्क में पानी भर गया है। ई-बसों को चार्जिंग स्टेशन से हटा लिया गया है। नगर निगम के निर्माणाधीन कार्यालय की बाउंड्रीवॉल के पास व राईखेड़ा में सड़क तक पानी आ गया है। स्थिति को देखते हुए एडीएम वित्त अरविंद कुमार ने ने प्रभावित क्षेत्रों का कई बार निरीक्षण किया निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।
ककरा स्थित जैव विविधता पार्क में भरा पानी, चार्जिंग स्टेशन से हटाईं गईं सभी ई−बसें
गर्रा नदी में दियूनी बांध से शुक्रवार को 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिससे नदी के रविवार को खतरे के निशान को पार करने की आशंका जताई जा रही थी। इसको देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही इंतजाम शुरू कर दिए थे। ककरा में जैव विविधता पार्क में पानी पहुंचते ही चार्जिंग स्टेशन से ई-बसों को शनिवार रात ही हटाकर खिरनीबाग रामलीला मैदान में भिजवा दिया गया।
गत वर्ष स्टेशन में पानी भर जाने से कई बसों की बैटरियां खराब हो गईं थीं, जिस कारण नगर निगम को भारी नुकसान हुआ था। क्षेत्र में नगर निगम के निर्माणाधीन कार्यालय की बाउंड्रीवाल के पास दोपहर तक पानी आ गया था। यही स्थिति राईखेड़ा मार्ग पर है।
नगर निगम कार्यालय की बाउंड्रीवॉल व राईखेड़ा में सड़क तक पहुंची गर्रा
एडीएम अरविंद कुमार ने एसडीएम सदर संजय पांडेय के साथ नागरिया मोड़, सुभाषनगर, सहवेगपुर, ककरा, अजीजगंज डैम, बाईपास, गर्रा पुल आदि स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया गया कि वर्तमान में गर्रा नदी खतरे के निशान 148.80 मीटर के सापेक्ष 147.30 मीटर पर बह रही है, जो लगभग 1.50 मीटर नीचे है। शनिवार रात 12 बजे से अब तक जलस्तर में वृद्धि की दर धीमी हुई है। खन्नौत नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 1. 70 मीटर नीचे है।
गांव में बढ़ रहा पानी
एडीएम ने बताया कि वर्तमान स्थिति में गर्रा नदी का पानी तिलहर तहसील के खुदागंज क्षेत्र के चित्तीबोझी गांव में बढ़ रहा है। जबकि पीलीभीत क्षेत्र में जलस्तर कम होने लगा है। फिलहाल स्थिति सामान्य है। शनिवार रात 12 बजे से सभी अधिकारी, राजस्व स्टाफ व आपदा मित्र विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी पर तैनात हैं। इसी प्रकार गंगा नदी का जलस्तर घट रहा है, जबकि रामगंगा नदी में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई है।
1300 परिवारों को राशन किट का वितरण
तहसील कलान में बाढ़ प्रभावित परिवारों को अब तक लगभग 1300 राशन किट वितरित की जा चुकी है। तहसील जलालाबाद का ग्राम कसारी रामगंगा नदी से प्रभावित हुआ है, जिसके लिए लगभग 500 बाढ़ राहत किट उपलब्ध कराई गई हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगभग 40 नाव व 12 मोटर बोट लगातार संचालित हैं।