विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा एक्सप्रेस-वे पर बढ़ा हादसों का खतरा! रिटेनिंग वॉल टूटने से रफ्तार के बीच भटक रहे बेसहारा मवेशी

Published: Sat, 19 Sep 2026 06:43 PM (IST)

गंगा एक्सप्रेस-वे पर सर्विस रोड की रिटेनिंग वॉल टूटने से बेसहारा पशु मुख्य मार्ग पर आ रहे हैं, जिससे हादसों ...और पढ़ें

जलालाबाद के गंगा एक्सप्रेसवे की टूटी रिटेनिंग वाल। जागरण

जलालाबाद के गंगा एक्सप्रेसवे की टूटी रिटेनिंग वाल। जागरण

HighLights

  1. यूपीडा को दिए मरम्मत कराने के निर्देश, गत माह भी कुछ स्थानों पर कराया गया था काम

संवाद सहयोगी, जलालाबाद (शाहजहांपुर)। गंगा एक्सप्रेस वे पर सफर कर रहे हैं तो वाहन अतिरिक्त सतर्कता के साथ चलाएं। क्योंकि आपके वाहन के सामने अचानक सांड़, कुत्ता या अन्य कोई बेसहारा पशु आ सकता है। सर्विस रोड की रिटेनिंग वाल क्षतिग्रस्त होने के कारण खतरा बढ़ गया है। हालांकि प्रशासन व यूपीडा के अधिकारी जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने का दावा कर रहे हैं।

एक्सप्रेस वे पर बदायूं से हरदोई की सीमा के बीच जलालाबाद में इंटरचेंज बना हुआ है। यहां उबरिया से लेकर हरदोई के सवायजपुर तक कई स्थानों पर सर्विस रोड की रिटेनिंग वाल टूटी हुई है।

दोनों ओर खेत हैं, जिनमें पानी भरा हुआ है, ऐसे में पशु भोजन की आस में भटककर क्षतिग्रस्त हिस्से से निकलकर सर्विस रोड के जरिए एक्सप्रेस वे पर आ जाते हैं।

एक्सप्रेस वे पर वाहन की गति तेज होती है, ऐसे में अचानक सामने से पशु आने पर ब्रेक लगा पाना संभव नहीं होता और हादसा हो जाता है। गत माह पीरू में हवाई पट्टी के आसपास रिटेनिंग वाल क्षतिग्रस्त मिली थी।

उस समय कार्यदायी फर्म एचडी इंफ्रा कंपनी लिमिटेड ने इन स्थानों पर तो रिटेनिंग वाल सही करा दी, लेकिन अन्य स्थानों पर ध्यान नहीं दिया गया।

एसडीएम मधुसूदन गुप्ता ने बताया कि रम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। यूपीडा के अवर अभियंता मनीष सिंह ने बताया कि काम शुरू कराया जा रहा है। गोवंशी या फिर अन्य कोई पशु एक्सप्रेस वे पर न पहुंचे, इसका प्रयास रहेगा।

घायल हो चुके लोग

20 अगस्त : एक्सप्रेस वे पर गुलड़िया के पास गुरुग्राम की आइएफटी कंपनी के निदेशक सौम्य उपाध्याय की कार सांड़ से टकरा गई थी जिससे सौम्य व उनके साथी संजय कुमार सिंह घायल हो गए थे।

8 सितंबर : जलालाबाद से सटे भाहपुर सपाह गांव के पास सांड़ से कार टकरा गई, जिससे लखनऊ निवासी अनस, तुषार सिंह व इब्राहिम घायल हो गए।

सपा के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप ने इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया था पशुओं के झुंड का वीडियो।

यह भी पढ़ें- दवा नहीं, सीधे डाका! 20 रुपये के दस्ताने 150 में, 80 का यूरिन बैग 600 का- शाहजहांपुर के अस्पतालों का सच