विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर बड़ा हादसा: गंगा स्नान के दौरान डूबे 4 कांवड़िये, NDRF की तलाश जारी

Published: Mon, 17 Aug 2026 07:30 PM (IST)

फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा स्नान के दौरान खुदागंज के चार कांवड़िये डूब गए। एनडीआरएफ की टीम उनकी तलाश ...और पढ़ें

योगेश कुमार, कमल, अर्जुन प्रजापति, विकास सक्सेना सौ. स्वजन

योगेश कुमार, कमल, अर्जुन प्रजापति, विकास सक्सेना सौ. स्वजन

HighLights

  1. हनुमान गली से रविवार शाम को गया था कांवड़ियों का जत्था, सोमवार सुबह हुई घटना के बाद पहुंचे स्वजन

संवाद सूत्र, खुदागंज (शाहजहांपुर)। फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर सोमवार को नहाते समय विकास सक्सेना उनका चचेरा भाई कमल, भतीजा योगेश व पड़ोसी अर्जुन प्रजापति डूब गए। उनके स्वजन को घटना के बारे में पता चला तो यहां से सभी के स्वजन भी फर्रुखाबाद पहुंच गए। एनडीआरएफ की टीम सभी की तलाश कर रही है।

खुदागंज के हनुमान गली मुहल्ले से रविवार शाम को कांवड़ियों का जत्था फर्रुखाबाद जल भरने गया था। वहां से जल भरने के बाद गोला गोकर्णनाथ जाना था। सुबह करीब साढ़े तीन बजे सभी पांचाल घाट पर स्नान करने लगे।

विकास, कमल, योगेश व अर्जुन गहरे पानी में पहुंच गए जिस वजह से वह डूब गए। साथियों ने शोर मचाया तो मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह करीब चार बजे चारों के स्वजन को घटना के बारे में बताया गया तो चीख पुकार मच गई।

स्वजन सहित बड़ी संख्या में लोग फर्रुखाबाद पहुंच गए। एनडीआरएफ की टीम ने सभी की तलाश शुरू की लेकिन पूरे दिन कुछ पता नहीं चला। विकास के भाई दीपक ने बताया कि रविवार रात भाई को काल की थी।

तब विकास ने कहा था कि सुबह जल्दी नहाने के बाद जल भर कर गोला के लिए निकल लेंगे ताकि समय से वहां जलाभिषेक करने को मिल जाए। दीपक ने बताया कि विकास आइटीआइ कर रहे हैं।

वह छह भाइयों में सबसे छोटे हैं। आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से वह चाट का ठेला भी लगाते थे। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि फर्रुखाबाद पुलिस से संपर्क किया गया है। एनडीआरएफ समेत कई टीमें तलाश में जुटी हैं।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में हादसा: बारिश के बाद पड़ोसी की कच्ची दीवार ढही, लिंटर गिरने से चाचा-भतीजे की मौत