अतिक्रमण पर चला नगर निगम का डंडा
दैनिक जागरण में लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटवाया।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर :
दैनिक जागरण में लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाना शुरू कर दिया है। इसकी शुरूआत शहर के चार खंभा रोड से हुई। जहां अतिक्रमणकारियों की नगर निगम के अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई, लेकिन अधिकारियों की सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली।
शहर में अतिक्रमण की वजह से यातायात व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। वहीं नगर निगम प्रशासन हर बार अतिक्रमण हटाने के नाम पर खानापूíत कर इतिश्री कर लेता है। लोगों को जाम व अतिक्रमण से निजात दिलाने के लिए लगातार दैनिक जागरण में खबरों को प्रकाशित किया जा रहा है। जिसका संज्ञान पहले डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने लेकर नगर निगम प्रशासन को प्लान के तहत अतिक्रमण अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी अतिक्रमण को लेकर नाराजगी जताई। कहा, पांच नवंबर से किसी भी अतिक्रमणकारी को बख्शा न जाए। मंगलवार को नगर निगम की टीम शहर के चार खंभा से राजघाट चौकी, दुर्गा टाकीज आदि मार्गों पर अभियान चलाकर अस्थाई अतिक्रमण हटवाया। साथ ही अतिक्रमणकारियों को चेताया कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो पांच नवंबर से सामान जब्त करने के साथ ही जुर्माना भी वसूल किया जाएगा।