घरेलू हिंसा की शिकायतों को जल्द करें दूर: रश्मि जायसवाल
राज्य महिला आयोग की सदस्य रश्मि जायसवाल ने घरेलू हिसा से पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुना।
जेएनएन, शाहजहांपुर: राज्य महिला आयोग की सदस्य रश्मि जायसवाल ने घरेलू हिसा से पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुना। महिला पुलिस और संबंधित पुलिस से सभी मामलों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। ज्यादातर ऐसे मामले में थे जिसमें पति ने दूसरी शादी करके पहले की पत्नी को घर से निकाल दिया।
राज्य महिला आयोग की सदस्य रश्मि जायसवाल महिलाओं की संबंधित समस्याओं का सामाधान के लिए गुरुवार को जिले में आई। उन्होंने जिला पंचायत सभागार में महिलाओं की समस्याओं को सुना।
अंतरजातिय विवाह करने पर घर से निकाला
थाना रोजा क्षेत्र के एक महिला ने बताया कि उसने क्षेत्र के एक युवक से अंतरजातिया विवाह किया था। साथ में उसका पति भी आया था। उसने बताया कि परिजन उसको घर में नहीं रहने दे रहे हैं। उसके भाई ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट व छेड़छाड़ की थी। जिसका उसने मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन वह लोग अपने घर पर रहना चाहते हैं।
-----------
पति ने मारपीट कर छोड़ दिया
थाना खुटार क्षेत्र के गांव लुकटहा निवासी रोहणी ने बताया कि उसका पति सोबरन शादी के बाद उससे मारपीट करता था। साथ ही दहेज की मांग करता था। पति ने घर से निकाल दिया।
पति ने की दूसरी शादी
पुवायां क्षेत्र के गांव बिलसंडी निवासी कंचना ने बताया कि उसकी शादी लखीमपुर खीरी क्षेत्र के थाना मितौली क्षेत्र के गांव कस्ता निवासी रवि से हुई थी। पति ने घर से निकाल कर दूसरी शादी कर ली।
पति ने की दूसरी शादी
थाना कटरा क्षेत्र के गांव कोटा निवासी नाजरूनिशा ने कहा कि उसकी शादी गांव के बबलू से हुई थी। पति ने उसे घर से निकाल दिया और दूसरी शादी कर ली। पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
दूसरी शादी के लिए पति ने छोड़ा
थाना निगोही क्षेत्र के गांव दियुरिया निवासी गुलशन ने बताया कि उसकी शादी कटरा क्षेत्र के गांव ईश्वरा निवासी जीतू से हुई थी। उसके पति ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया और उसके एक बेटे को अपने पास रख लिया। वह भी दूसरी शादी करना चाह रहा है। उसके खिलाफ कार्रवाई करके उसके बेटे को दिलवाया जाए।
पति ने छोड़ा, नहीं वापस कर रहे दहेज
थाना आरसी मिशन निवासी संगीता ने बताया कि उसकी शादी हरदोई के थाना शाहबाद क्षेत्र के अहिगवां निवासी सोनू से हुई थी। उसके पति से उसकी छुटौती हो गई, लेकिन दहेज का सामान वापस नहीं कर रहा है।
कुल 12 शिकायत आईं
महिला प्रताड़ना संबधित कुल 12 शिकायत आई। राज्य महिला आयोग की सदस्य रश्मि जायसवाल संबंधित थाना और महिला थाना प्रभारी परमेश्वरी देवी को निर्देश दिए कि सभी की समस्या का समाधान जल्द से जल्द होना चाहिए। इस दौरान डीपीओ ज्योति शाक्य, एसडीएम वेद सिंह चौहान, सीओ सदर परमानंद पांडेय, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी लक्ष्मण सिंह मौजूद रहे।