क्राइम ब्रांच के सिपाहियों को महिलाओं ने पीटा
असलहा बनाने की सूचना पर क्राइम ब्रांच के दो सिपाहियों ने आरोपितों के घर दबिश दी।
जेएनएन, शाहजहांपुर: असलहा बनाने की सूचना पर क्राइम ब्रांच के दो सिपाहियों ने आरोपितों के घर दबिश दी। आरोपित तो नहीं मिला लेकिन टीम ने परिवार के किसी और सदस्य को उठा लिया। सादी वर्दी में होने की वजह से महिलाओं ने दोनों सिपाहियों को बदमाश समझकर उनकी पिटाई कर दी। इस बीच हिरासत में लिया गया व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपित महिलाओं की तलाश कर रही है।
थाना आरसी मिशन क्षेत्र के मुहल्ला नई बस्ती रेती में असलहा बनाने की सूचना पर क्राइम ब्रांच के दो सिपाही रात करीब साढ़े आठ बजे अलग-अलग बाइक से पहुंचे। उनके साथ तीसरी बाइक पर एक मुखबिर भी था। मुखबिर के इशारे पर सिपाहियों ने एक घर पर दबिश दी और वहां से एक व्यक्ति को दबोच लिया। टीम आरोपित को बाइक पर बैठा रही थी। तभी महिलाओं की भीड़ ने उन पर हमला बोल दिया। महिलाओं ने सिपाहियों की जमकर पिटाई कर दी। सिपाहियों ने किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई। उनकी सूचना पर एसओ जयशंकर प्रसाद महिला फोर्स के साथ पहुंच गए। आरोपित महिलाओं की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। ज्यादातर महिलाएं मुहल्ले से भाग गई हैं। घटना की जानकारी हुई है मामले में जांच पड़ताल की जा रही है कि सिपाहियों के साथ किन महिलाओं ने अभद्रता की है।
- दिनेश त्रिपाठी, एएसपी सिटी तथ्य - असलहा बनाने की सूचना पर दबिश देकर पकड़ा था एक व्यक्ति
- सादी वर्दी में होने की वजह से महिलाओं ने बदमाश समझा