किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों ने दिया धरना
किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया।
जेएनएन, शाहजहांपुर: किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। किसानों की समस्याओं को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट विनीता सिंह को सौंपा।
महानगर अध्यक्ष तस्नीम अली खां के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में दरी डालकर किसानों की समस्या को लेकर धरना शुरू कर दिया। दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि भाजपा सरकार की कृषि क्षेत्र की नीतियों के चलते किसान बदहाल है और आत्महत्या करने को मजबूर है। उनकी मांग है कि गन्ना किसानों का समर्थन मूल्य 450 कुंतल किया जाए, चीनी मिलों पर गन्ना किसानों का बकाया गन्ना भुगतान तुरंत कराया जाए, पिराली जलाने को लेकर किसानों पर विभिन्न मुकदमे दर्ज वापस किए जाएं, खाद, कीटनाशक, ट्रैक्टर, उपकरण पर अधिकतम जीएसटी लगाने से कृषि लागत पर बढ़ोत्तरी हो रही है। इसका दुष्प्रभाव किसानों की उपज पर पड़ रहा है, इसे तत्काल वापस लिया जाए। इस दौरान अनूप वर्मा, पवन सिंह, प्रवीण कुमार, जगराम गुप्ता, सुनीता सिंह, सावित्री शर्मा, जगदीश सिंह कुशवाह आदि मौजूद थे।