छात्रा को न्याय दिलाने दोबारा शाहजहांपुर आएंगे : लल्लू
चिन्मयानंद प्रकरण में कांग्रेस शांत बैठने के मूड में नहीं दिख रही।
जेएनएन, शाहजहांपुर : चिन्मयानंद प्रकरण में कांग्रेस शांत बैठने के मूड में नहीं दिख रही। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने इस बाबत कहा कि छात्रा को न्याय दिलाने के लिए पार्टी संघर्ष जारी रखेगी। इसके लिए जरूरत पड़ी तो दोबारा शाहजहांपुर आएंगे।
रामपुर जाते समय शहर के बरेली मोड़ पर स्वागत कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार के दबाव में छात्रा की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। छात्रा को न्याय दिलाकर वह सरकार को आइना दिखाएंगे।
2020 में कांग्रेस करेगी वापसी
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने एक ढाबे पर कुछ देर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ मीटिग की। कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत 2022 में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता का कहीं उत्पीड़न होता है तो पूरी पार्टी उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होगी। उन्होंने युवा, किसान, महिला, व्यापारी सहित सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ने के लिए दिशा-निर्देश दिए। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष कौशल मिश्र ने धान खरीद व किसानों से जुड़ी अन्य समस्याओं का मुद्दा प्रदेश अध्यक्ष के सामने उठाया। प्रदेश अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि किसान देश की रीढ़ है। इस लिए उनका उत्पीड़न किसी तरह से नहीं होने देंगे। इस दौरान कार्यवाहक महानगर अध्यक्ष तसलीम अली खां, अशफाक उल्ला खां, रामनाथ बघेला, केबी मिश्रा, सावित्री शर्मा, महेश बाबू मिश्र, रजनीश गुप्ता, फुरकान अहमद कुरैशी, अश्वनी द्विवेदी, अतित बागी, प्रशांत कठेरिया, अदीब अहमद, अनूप वर्मा, शुभम सक्सेना, गुलजार अहमद आदि मौजूद रहे।