खौलती दाल गिरने से मासूम की मौत
गैस पर चढ़े कुकर को छूने से उसमें खौल रही दाल मासूम पर पलट गई जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
जेएनएन, शाहजहांपुर : गैस पर चढ़े कुकर को छूने से उसमें खौल रही दाल मासूम पर पलट गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसको जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव ईश्वरीगंज निवासी श्रीराम की पत्नी सुनीता शनिवार दोपहर खाना बना रहीं थीं। रसोई गैस बरामदे में रखी हुई थी। जिस पर दाल बन रही थी। कुकर का ढक्कन खुला हुआ था। सुनीता किसी काम में लग गईं। तभी अचानक उनका आठ माह का बेटा स्वास्तिक खेलते हुए गैस के पास पहुंच गया। उसने कुकर छुआ तो दाल उसके ऊपर गिर गई। जिससे स्वास्तिक गंभीर रूप से झुलस गया। उसको आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सुनीता ने बताया कि उसके पति दुबई में नौकरी करते हैं। परिजन पुलिस कार्रवाई किए बिना शव को अपने साथ घर ले गए। बच्चे की मौत से उसकी मां सुनीत का बदहवास हो गई। सूचना मिलने पर पिता भी दुबई से चल दिए हैं।