विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाहजहांपुर में बच्चे की मौत पर बवाल: सड़क पर शव रखकर लगाया जाम, अब 75 लोगों पर दर्ज हुई FIR!

Published: Thu, 17 Sep 2026 10:27 PM (IST)

शाहजहांपुर में एक बच्चे की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ...और पढ़ें

एआई इमेज है।

एआई इमेज है।

HighLights

  1. पेट में दर्द होने पर स्वजन बालक को उपचार कराने ले गए थे मियांपुर पैगापुर गांव, इंजेक्शन लगने के बाद हो गई थी मृत्यु

  2. स्वजन ने आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर निगोही-पुवायां मार्ग पर लगा दिया था जाम, पुलिस ने की कार्रवाई

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। गैर इरादतन हत्या के आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर निगोही-पुवायां मार्ग पर जाम लगाने वाले 75 लोगों के विरुद्ध दंगा करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वीडियो के माध्यम से सभी की पहचान कराई जा रही है।

पीलीभीत के पसियापुर गांव निवासी राजीव के छह वर्षीय बेटे आरव के पेट में दर्द हो रहा था। वह मंगलवार को उसे सिंधौली के मियांपुर निवासी शिवसरन की दुकान पर ले आए थे। जहां ड्रिप व इंजेक्शन लगाने के बाद आरव की मृत्यु हो गई थी।

बालक की मृत्यु के बाद आरोपित भाग गया था। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार सुबह स्वजन शव लेकर पुवायां-निगोही मार्ग पर पहुंचे और कमलापुर गांव के सामने सड़क पर जाम लगा दिया।

आरोपित के मकान पर बुलडोजर चलाने व उसे तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की जा रही थी। इसके बाद एसडीएम सदानंद सरोज व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की जहां शांति देवी चिकित्सालय का बोर्ड लगा था।

दुकान को सील करा दिया गया था। नोडल अधिकारी डाॅ. इरफान ने अवैध रूप से दुकान संचालित होना बताया। करीब दो घंटे तक सिंधौली, पुवायां, पीलीभीत के करेली पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाया था।

उपनिरीक्षक अजीत सिंह की तहरीर पर 75 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि अनावश्यक रूप से जाम लगाकर न सिर्फ आवागमन बंद कर दिया गया बल्कि पुलिसकर्मियों से भी विवाद करने लगे थे। जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में 'सुई' बनी काल: 7 दिन में 4 मासूमों समेत 5 की मौत, मेडिकल स्टोर वालों की मनमानी से सहमे लोग