दूल्हा काला होने पर दुल्हन ने किया शादी से इन्कार
दूल्हे का काला रंग देखकर दुल्हन भड़क गई। उसने शादी से इन्कार कर दिया।
संवाद सहयोगी, कलान : दूल्हे का काला रंग देखकर दुल्हन भड़क गई। उसने शादी से इन्कार कर दिया। बरातियों ने हंगामा किया तो दुल्हन के परिजन व गांव वालों ने उन्हें पीटकर खदेड़ दिया। पुलिस ने पिटाई करने वालों में से दो को हिरासत में ले लिया।
क्षेत्र के नौसना गांव में कासगंज जिले के सिकंदरपुर वैश्य गांव से बरात आयी थी। द्वारचार के समय किसी ने दुल्हन को बताया कि दूल्हा काला है, बस फिर क्या था दुल्हन भड़क गई। उसने हंगामा शुरू कर दिया। कहा कि वह शादी नहीं करेगी। घरवालों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वह राजी नहीं हुई। इस बारे में जब बरातियों को पता चला तो उन्होंने भी हंगामा शुरू कर दिया। दोनो पक्षों के बीच गाली गलौज होने लगी। इससे गुस्साए दुल्हन के परिजन व गांव वालों ने बरातियों की पिटाई शुरू कर दी। जिससे वहां अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर एसआइ राकेश ¨सह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मारपीट करने वाले दो लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक फिलहाल इस मामले में फिलहाल कोई तहरीर नही आई है। दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास चलता रहा, लेकिन बात नहीं बनी। जिसके बाद बरात बैरंग हो गई।