मकान बनाना होगा महंगा : यूपी में ईंटों का उत्पादन ठप, ₹7,500 तक पहुंच सकते हैं 1000 ईंट के दाम
शाहजहांपुर में कोयले की कीमतों में 25-30% की वृद्धि के कारण ईंट भट्ठों का संचालन ठप हो गया है। इससे ...और पढ़ें

रामचंद्र मिशन क्षेत्र में ईंट भट्ठा। जागरण
HighLights
कोयले के दाम 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ने से भट्ठा संचालकों की मुश्किलें बढ़ीं
ईंटों का नया उत्पादन शुरू न होने से निर्माण कार्य प्रभावित होने की आशंका
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। अक्टूबर समाप्त होने को है, लेकिन जिले के ईंट भट्ठों का संचालन अब तक शुरू नहीं हुआ है। कोयले की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है और उसके दाम भी बढ़ गए हैं। फिलहाल पुराने स्टाक से ग्राहकों को ईंटों की आपूर्ति की जा रही है। अगले माह तक स्टाक का निस्तारण नहीं हुआ तो निर्माण कार्यों पर सीधा असर पड़ सकता है।
जिले में 160 ईंट भट्ठे हैं। आम तौर पर इनका संचालन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से नवंबर के पहले सप्ताह के बीच शुरू हो जाता है। भट्ठों के लिए पश्चिम बंगाल और झारखंड के रानीगंज क्षेत्र की खदानों से कोयला मंगाया जाता है।
इसके अलावा अमेरिका से आने वाले यूएसए कोल की भी अधिक खपत होती है। इसकी जरूरत सामान्य कोयले की तुलना में कम होती है। समुद्री रास्ते से बंदरगाहों तक पहुंचने के बाद यह थोक व्यापारियों के जरिए भट्ठों तक आता है।
पिछले दो माह से कोयले के दाम तेजी से बढ़े हैं। इसकी वजह अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा युद्ध तथा बरसात में खदानों में पानी भरना बताया जा रहा है।
खदानों में कोयला भीगने और खोदाई न होने जैसी समस्या हर साल आती है, लेकिन इस बार कीमतों में चार हजार रुपये तक का अंतर आया है। इससे ईंट उत्पादन की लागत बढ़ने की आशंका है।
ईंट भट्ठा व्यवसायी और इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य शुभम खन्ना ने बताया कि यूएसए कोल का भाव 26 हजार रुपये क्विंटल तक है और इसमें सात हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
वहीं, रानीगंज का कोयला अब 16 हजार रुपये के बजाय 22 हजार रुपये में मिल रहा है। महंगे कोयले से एक हजार ईंटों की लागत बढ़ेगी। अभी इनका भाव छह हजार रुपये है, जो महंगा कोयला इस्तेमाल करने पर साढ़े सात हजार रुपये हो जाएगा।
शुभम खन्ना के अनुसार, इस बार अब तक सभी भट्ठे संचालित नहीं हुए हैं। संचालक नई ईंटें बनाने के बजाय पुराने स्टाक को बेच रहे हैं। कोयले के दाम सामान्य होने पर ही नया उत्पादन शुरू होगा।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: दो युवकों से बात करने पर मां ने छीना फोन, फिर ब्यूटी पार्लर गई किशोरी वापस नहीं लौटी
