'योगी बाबा भी नहीं बचा पाएंगे...' शाहजहांपुर में BJP के पूर्व जिलाध्यक्ष को पंचायत सचिव की धमकी, दर्ज हुई FIR
शाहजहांपुर में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम नारायण मिश्रा को ग्राम पंचायत सचिव अवनीश सिंह ने मृत्यु प्रमाण पत्र की ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
निगोही थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। मृत्यु प्रमाण पत्र के बारे में जानकारी लेने पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम नारायण मिश्रा को ग्राम पंचायत सचिव ने गोली मारने की धमकी दी। कहा योगी बाबा बचाने नहीं आएंगे। भाजपा नेता ने निगोही थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
गुरगवां गांव निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामनारायण मिश्रा ने बताया कि 12 सितंबर को उनके पास परसरा परसरी गांव निवासी विजय सिंह आए थे।
उन्होंने बताया कि पिता स्व. प्रेमपाल सिंह के मृत्यु प्रमाण पत्र की सभी औपचारिकताएं पूरी हैं, लेकिन प्रमाण पत्र ग्राम पंचायत सचिव अवनीश सिंह के पास लंबित है।
इस पर उन्होंने सचिव को काल कर प्रमाण पत्र के बारे में जानकारी लेनी चाही। आरोप है कि इतने पर ही सचिव आग बबूला हो गए और गाली गलौज करने लगे।
गोली मारकर हत्या करने की धमकी देते हुए कहा कि योगी बाबा भी तुम्हें बचाने नहीं आएंगे। अब ज्यादा दिन तुम्हारी सरकार रहने वाली नहीं है। तुम जहां मिलोगे, वहीं गोली मार देंगे। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
