व्यापारी के हत्यारोपित गिरफ्तार, भेजे गए जेल
सीमेंट और टायल्स व्यापारी की हत्या करने वाले दोनों आरोपित पुलिस ने रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिए। हत्या करने के बाद मुख्य आरोपित जिले से भागने के लिए अपने घर रुपये लेने पहुंचा था। जिसकी जानकारी होने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया
जेएनएन, शाहजहांपुर : सीमेंट और टायल्स व्यापारी की हत्या करने वाले दोनों आरोपित पुलिस ने रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिए। हत्या करने के बाद मुख्य आरोपित जिले से भागने के लिए अपने घर रुपये लेने पहुंचा था। जिसकी जानकारी होने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तमंचा व कारतूस भी बरामद हुए है।
शहर के चौक कोतवाली क्षेत्र के घूरनतलैया मुहल्ला निवासी सीमेंट व टायल्स व्यापारी मनीष कपूर शनिवार देर रात करीब दस बजे चौक कोतवाली क्षेत्र के ही केरूगंज में होटल पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मनीष के भाई रवि कपूर ने कोतवाली क्षेत्र के ही रोशनगंज विसरात मुहल्ला निवासी रूबल यादव व सदर थाना क्षेत्र के तारीन बहादुरगंज मुहल्ला निवासी उसके दोस्त मोहब्बत अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने रविवार सुबह दोनों को हनुमतधाम के नये पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। रूबल के पिता फूल सिंह यादव भाजपा नेता रहे हैं। हालांकि उनकी डेढ़ साल पहले मौत हो चुकी है। पूछताछ के दौरान रूबल ने बताया कि मोहब्बत अली के साथ होटल पर खाना खाने गए थे। जहां मनीष से मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर मोहब्बत अली ने गोली मारने के लिए उकसाया था। हत्या करने के बाद जब जिले से भागने का प्रयास किया तो दोनों के पास रुपये नहीं थे। ऐसे में रविवार सुबह रूबल अपने घर रुपये लेने गया था। पुलिस को जब इसकी जानकारी हुई तो दोनों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना की जानकारी होने पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी देर रात ही राजकीय मेडिकल कालेज पहुंच गए थे। गिरफ्तारी के बाद जताया अफसोस
रूबल ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि मनीष कपूर से शनिवार को पहली बार मुलाकात हुई थी। एक-दूसरे को टोका-टाकी के बाद विवाद जरूर हो गया था लेकिन उनकी हत्या करने का कोई इरादा नहीं था। रूबल ने घटना को लेकर अफसोस भी जताया है।
दोनों ने हत्या करने की बात को स्वीकार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेजा दिया गया।
संजय कुमार, एएसपी सिटी