Move to Jagran APP

महानगर की धड़कन बनेगा पैंटून पुल, 50 लाख का मिला बजट

शाहजहांपुर का अति पिछड़ा क्षेत्र ककरा शहर का हृदय स्थल बनेगा। मौजमपुर पंप कैनाल व जैव विविधता पार्क पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित होगा।

By JagranEdited By: Published: Mon, 21 Sep 2020 12:50 AM (IST)Updated: Mon, 21 Sep 2020 12:50 AM (IST)
महानगर की धड़कन बनेगा पैंटून पुल, 50 लाख का मिला बजट
महानगर की धड़कन बनेगा पैंटून पुल, 50 लाख का मिला बजट

जेएनएन, शाहजहांपुर : शाहजहांपुर का अति पिछड़ा क्षेत्र ककरा शहर का हृदय स्थल बनेगा। मौजमपुर पंप कैनाल व जैव विविधता पार्क पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित होगा। इसके लिए अजीजगंज तथा मौजमपुर पंप कैनाल के बीच गर्रा नदी पर अगले माह ही पैंटून पुल का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। शासन ने पीपा सेतु निर्माण के लिए 50 लाख का बजट आवंटित कर दिया है।

loksabha election banner

शहर की जीवनदायिनी गर्रा नदी पर पैंटून पुल निर्माण से ककरा मुहल्ले का कायाकल्प भी होगा। ककरा क्षेत्र में गर्रा नदी के किनारे नगर निगम कार्यालय तथा अतिथि गृह का निर्माण कराया जाएगा। नगर निगम कार्मिकों के लिए आवासीय कॉलोनी भी बनेगी। इसके लिए ककरा क्षेत्र में छह हेक्टेयर जमीन भी सुरक्षित कर ली गई है। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना का क्लीन सिटी ग्रीन सिटी का सपना भी साकार होगा।

करीब पांच किमी का बचेगा फेर

अभी बरेली जाने के लिए लोगों को बरेली मोड़ होकर जाना पड़ता है। ककरा के पास पुल बन जाने से लोग सीधे घंटाघर, लाल इमली चौराहा कनौजिया अस्पताल से पुल पर होते हुए नगरिया के पास हाइवे पर पहुंच सकेंगे। इससे करीब पांच किमी का फेर बचेगा। पैंटून पुल निर्माण से बरेली जाने के लिए विकल्प मिल जाएंगे। इससे जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। ईंधन भी बचेगा।

यह भी होंगे लाभ

- शहर का आकार बढ़ेगा। हरीतिमा संवर्धन होगा।

- हनुमतधाम की तरह लोग गर्रा नदी किनारे मॉर्निंग वाक कर सकेंगे।

- नदी में नौका बिहार का लोग आनंद ले सकेंगे।

वर्जन

पैंटून पुल निर्माण को शासन से 50 लाख का बजट मिल गया है। अक्टूबर माह से पुल का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। पुल अस्थाई होगा। पुल निर्माण से ककरा क्षेत्र का विकास तेज हो जाएगा।

संतोष शर्मा, नगर आयुक्त


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.