सपा विधायक व जिलाध्यक्ष समेत डेढ़ सौ कार्यकर्ता गिरफ्तार
किसान सम्मान यात्रा निकालने जा रहे समाजवादी पार्टी के विधायक शरदवीर सिंह जिलाध्यक्ष तनवीर खां समेत 150 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। इस बीच कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार करने से मना किया तो पुलिस की गाड़ी रुकवाकर कार्यकर्ताओं ने बरेली-फर्रुखाबाद राज्यमार्ग पर जाम भी लगाया।
जेएनएन, अल्हागंज : किसान सम्मान यात्रा निकालने जा रहे समाजवादी पार्टी के विधायक शरदवीर सिंह, जिलाध्यक्ष तनवीर खां समेत 150 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। इस बीच कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार करने से मना किया तो पुलिस की गाड़ी रुकवाकर कार्यकर्ताओं ने बरेली-फर्रुखाबाद राज्यमार्ग पर जाम भी लगाया।
जिलाध्यक्ष समेत कार्यकर्ता विधायक शरदवीर सिंह के अल्हागंज स्थित आवास से साढ़े 11 बजे यात्रा निकालने के लिए सड़क पर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। जिस वजह से धक्का-मुक्की होने लगी। पुलिस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जलालाबाद के परशुराम संस्कृत महाविद्यालय लेकर चली तो 15 कार्यकर्ता वहीं छूट गए। जिलाध्यक्ष ने जब उन्हें भी गिरफ्तार करने के लिए कहा तो पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। इस कारण कार्यकर्ताओं ने जाम लगा दिया। एसडीएम तिलहर सौरभ भट्ट व सीओ तिलहर परमानंद पांडेय ने जब उनकी भी गिरफ्तारी की बात कही तो कार्यकर्ता शांत हुए। दोपहर बाद सभी को रिहा कर दिया गया। इस मौके पर जिला महासचिव रणंजय सिंह यादव, सैयद रिजवान, उपेंद्र पाल, प्रसून कुमार, कमलेश यादव, गोपाल मिश्रा, रामवीर सिंह, अब्दुल लतीफ, राजेश्वर शर्मा, हरिओम मिश्रा, मुनीश शुक्ला, हरद्वारी लाल, कमलेश शुक्ला, अभिषेक कुमार, सैयद अहमद अंसारी आदि मौजूद रहे।
सोती रही सदर पुलिस, अल्हागंज पहुंच गए जिलाध्यक्ष
दो दिन पहले जब जिलाध्यक्ष समेत 50 कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर पुवायां पहुंच गए थे तो एसपी ने फटकार लगाते हुए सभी को अलर्ट रहने के निर्देश दिए थे, लेकिन शुक्रवार को भी सदर पुलिस की लापरवाही सामने आई। पुलिस के आवास पर पहुंचने से पहले ही जिलाध्यक्ष अल्हागंज पहुंच गए।