दोपहर में 10 मिमी बारिश, 1.5 डिग्री सेल्सियस गिरा पारा
शनिवार दोपहर आसमान में छाए बादल झमाझम बरसे। जिससे धान समेत खरीफ फसलों को फायदा पहुंचा है।
जेएनएन, शाहजहांपुर : शनिवार दोपहर आसमान में छाए बादल झमाझम बरसे। जिससे धान समेत खरीफ फसलों को फायदा पहुंचा है। बारिश का आंकड़ा दस मिमी दर्ज किया गया। शहर के निचले इलाकों में जलभराव भी हो गया। कुछ देर आवागमन भी बाधित रहा। बारिश थमने के बाद भी बादल छाए रहे। मौसम विज्ञानियों ने अभी बारिश की संभावना जताई है।
तापमान गिरा, आर्द्रता बढ़ी
बारिश से अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 31.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री से बढकर 26.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सुबह की आर्द्रता 71 फीसद से बढ़कर 94 तथा शाम नमी 84 फीसद दर्ज की गई।
पुवायां, निगोही, खुटार, बंडा में हो सकती बारिश
इंद्रदेव अभी अन्नदाताओं पर मेहरबान रहेंगे। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी डा. रोवित कुमार ने बताया 26 व 27 जुलाई को पुवायां, निगोही, खुटार, बंडा विकास खंड में हल्की व मध्यम वर्ग की बारिश के आसार हैं। जनपद की शेष ब्लॉकों में हल्की बूंदा-बांदी की सम्भावना है। इन दो दिनों में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम सुबह 72 फीसद से 85 फीसद के बीच तथ न्यूनतम 45 फीसद से 50 फीसद के बीच रहने का अनुमान है। हवा की दिशा पूर्वी व गति 11 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की सम्भावना है।