यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नये सड़कों के निर्माण-चौड़ीकरण कार्य का सही आंकड़ा न बताने पर एक्सईएन को लगाई फटकार
एक्सईएन से कहा भविष्य में प्रगति के सही आकड़ों के साथ वह बैठक में भाग लें

संतकबीर नगर: अपर मुख्य सचिव-शासन व जिले के नोडल अधिकारी अनिल कुमार ने एक्सईएन-विद्युत आरके सिंह से कहा कि आवेदक द्वारा आनलाइन आवेदन प्राप्त करने के तुरंत बाद सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करते हुए विद्युत कनेक्शन दें। नई सड़कों के निर्माण व चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा के दौरान पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन द्वारा सही आंकड़ा न बताने पर नाराज हुए और फटकार लगाई। भविष्य में प्रगति के सही आकड़ों के साथ बैठक में भाग लेने की बात कही। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा ने बताया कि जनपद के 28684 किसानों का खरीफ फसल का बीमा कराया गया है। इसके सापेक्ष लगभग दो करोड़ 16 लाख रुपये प्रीमियम का भुगतान किसानों ने किया है। किसानों को फसल की क्षतिपूर्ति दिलाने का कार्य किया जा रहा है। नोडल अधिकारी ने विकास भवन के सभागार में शुक्रवार को डीएम दिव्या मित्तल, एसपी डा. कौस्तुभ व पीडी-डीआरडीए डीडी शुक्ल की मौजूदगी में पशुपालन विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में 2855 बेसहारा पशुओं को गो-आश्रय स्थल में रखा गया है। वहीं 444 बेसहारा पशुओं को किसानों के हवाले कर दिया गया। पशुओं का टीकाकरण व इयरटैगिग का कार्य नियमित तौर पर हो रहा है। नोडल के सवाल पर जल निगम के प्रभारी एक्सईएन ने कहा कि जिले में 25 में से 14 पेयजल परियोजनाएं पूर्ण हो गई हैं। वन विभाग की समीक्षा में जानकारी मिली कि इस वर्ष वन विभाग ने कुल 12 लाख 78 हजार एवं अन्य विभागों ने 16 लाख 35 हजार पौधे लगाकर लक्ष्य पूर्ण कर लिया है। कायाकल्प योजना के तहत जिले के कुल 1247 में से 984 विद्यालय संतृप्त हो चुके हैं। नोडल अधिकारी ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी मो. अब्बास को शत-प्रतिशत श्रमिकों का पंजीकरण कर योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। श्रमयोगी मान धन योजना में बीमित किए जाने वाले 50 श्रमिकों का विस्तृत विवरण एलआइसी से समन्वय स्थापित कर उपलब्ध कराने को कहा। वहीं, सभी विभागाध्यक्षों, कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजर से कहा कि वे प्रत्येक दशा में कार्याें को तय समय-सीमा में पूर्ण करें। इसके अलावा उन्होंने पेंशन, छात्रवृत्ति, सामुहिक विवाह, शादी अनुदान योजना, कन्या सुमंगला योजना, आंगनवाड़ी केन्द्रों का निर्माण,कौशल विकास मिशन, एक जनपद-एक उत्पाद, खाद एवं सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं व विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस अवसर पर डीईएसटीओ एनके सिंह, मुख्य चिकित्साधीक्षक ओेपी त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह, प्रभारी जिला पंचायतराज अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी डा. श्वेता त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी विजयश्री, ईओ नगरपालिका सुरेश कुमार मौर्य, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, पीओ डूडा प्रेमेन्द्र सिंह, समाज कल्याण अधिकारी महेन्द्र कुमार,अपर जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
