यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जमीन पर उतरने लगा पिपरी पुल निर्माण का खाका
पुल का निर्माण कार्य तेज अगली बारिश में लोगों को मिलेगी राहत

संतकबीर नगर: बेलहर विकास खंड के देवपुर-पिपरी के लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब धरातल पर उतर रही है। पुल निर्माण का खाका धीरे-धीरे तैयार हो रहा है। पुल बन जाने से देवपुर-पिपरी सहित 10 गांवों के लोगों को आवागमन की सहूलियत प्राप्त होंगी। यह पुल देवपुर से पिपरी तक आमी नदी के बीचोबीच लगभग 45 मीटर लंबा बनेगा। इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। जिसमें चार पिलर होगा। यह पुल आठ मीटर चौड़ा बनेगा। अगले वर्ष बारिश के पूर्व तक पुल बनकर तैयार होगा व आवागमन के लिए लोगों को उपलब्ध हो जाएगा।
वर्ष 2011 की बाढ़ में पिपरी का पुल पानी में बह गया था। सभी से ग्रामीण पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। इसको लेकर ग्रामीणों ने कई बार आंदोलन भी किया था। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देकर पुल निर्माण की मांग की थी। पुल निर्माण को लेकर दैनिक जागरण ने लगातार अभियान भी चलाया था। जिसका संज्ञान लेकर मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल ने शासन स्तर पर पहल किया तो बीते जनवरी माह में शासन ने पुल निर्माण की मंजूरी प्रदान कर दी। यह पुल राज योजना (सामान्य) मद से तीन करोड़ आठ लाख रुपये की लागत से बन रहा है। पुल निर्माण के लिए एक करोड़ 50 लाख रुपए अवमुक्त भी किए गए है। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के द्वारा यह पुल बनाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रामजीत प्रसाद ने बताया कि पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। समय-समय पर इसका निरीक्षण कर मानक के अनुसार पुल निर्माण का निर्देश दिया जाता है। जल्द ही यह पुल बनकर तैयार होगा। विधायक राकेश सिंह बघेल ने बताया कि ग्रामीणों के लगातार मांग के क्रम में पुल निर्माण की मंजूरी दिलाई गई थी। तेजी के साथ निर्माण की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश कार्यदायी संस्था को दिया गया है। बहुत जल्द यह पुल बनकर तैयार होगा जिसके बाद लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
