अब भी प्लास्टिक, थर्माकोल के कप में पी रहे चाय
कलेक्ट्रेट विकास भवन सहित अन्य सरकारी दफ्तरों में अधिकारी व कर्मचारी अब भी प्लास्टिक व थर्माकोल के कप में चाय पी रहे हैं। जबकि मुख्य सचिव-शासन ने इस पर रोक लगाई है। इस आशय का पत्र भी सभी विभागों को जारी हो गया है।
संतकबीर नगर: कलेक्ट्रेट, विकास भवन सहित अन्य सरकारी दफ्तरों में अधिकारी व कर्मचारी अब भी प्लास्टिक व थर्माकोल के कप में चाय पी रहे हैं। जबकि मुख्य सचिव-शासन ने इस पर रोक लगाई है। इस आशय का पत्र भी सभी विभागों को जारी हो गया है। अधिकारी व कर्मचारी इसे पढ़ भी चुके हैं, इसके बाद भी इनके द्वारा निर्देशों की अवहेलना की जा रही है।
विकास भवन में लघु सिचाई के दफ्तर में शुक्रवार को कुछ अधिकारी व कर्मचारी कप में तो वहीं कइयों कर्मी प्लास्टिक व थर्माकोल के कप में चाय पीते हुए मिले। यही स्थिति पंचायतीराज विभाग, समाज कल्याण, कृषि, अर्थ एवं सांख्यिकी, पिछड़ा वर्ग कल्याण सहित अन्य दफ्तरों में दिखी। इसके इतर कलेक्ट्रेट में राजस्व अभिलेखागार, आयुध सहित अन्य दफ्तरों में कर्मी इसी में चाय पीते नजर आए। बताते चलें कि मुख्य सचिव-शासन ने तीन सितंबर 2019 को पत्र जारी कर यह निर्देश दिया है कि प्लास्टिक, थर्माकोल या इससे संबंधित सामग्री से बने किसी प्रकार के प्लेट, गिलास, चम्मच आदि का प्रयोग नहीं करेंगे। इसके स्थान पर स्टील, कांच के गिलास आदि का उपयोग किया जाएगा। मुख्य सचिव के आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। जो कर्मी इस आदेश का उल्लंघन करते हुए मिलेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रवीश गुप्त-डीएम