'वर्ष 2027 का चुनाव करो या मरो की लड़ाई', संतकबीरनगर में बोले सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने संतकबीरनगर में कहा कि 2027 का चुनाव पीडीए के अधिकारों को बचाने के लिए 'करो या मरो' की लड़ाई है।

वर्ष 2027 का चुनाव करो या मरो की लड़ाई: श्याम लाल पाल।
HighLights
2027 का चुनाव पीडीए के अधिकारों के लिए 'करो या मरो' की लड़ाई।
कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और बूथ स्तर तक संघर्ष करने का आह्वान।
भाजपा सरकार पर मतदाता सूची, किसान, युवा मुद्दों पर निशाना।
संवाद सूत्र, महुली। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि वर्ष 2027 का चुनाव करो या मरो की लड़ाई है। पीडीए के अधिकारों को बचाने के लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूती से संघर्ष करना होगा। वह सोमवार को धनघटा विधानसभा क्षेत्र के मुखलिसपुर में आयोजित बूथ, सेक्टर व जोनल कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने की निर्णायक लड़ाई है। उन्होंने भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार पर एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची से पीडीए समाज के लोगों के नाम हटाकर उन्हें मताधिकार से वंचित करने का आरोप लगाया। कहा कि सामाजिक न्याय पीडीए के शासनकाल में ही संभव होगा। इसके लिए जनता पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान परेशान हैं, नौजवान रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं और महंगाई से आम आदमी प्रभावित है।
सम्मेलन का संचालन देवेंद्र उर्फ चंदू यादव ने किया। इस अवसर पर सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद, पूर्व जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम, पूर्व विधायक अलगू प्रसाद, सुबोध यादव, ई. सुरेंद्र यादव, पूर्व अध्यक्ष रामवृक्ष यादव, श्याम सुंदर चौहान, राम आशीष यादव आदि मौजूद रहे।
