सिद्धार्थनगर: जन्माष्टमी कार्यक्रम में गया था परिवार, घर से घुसे चोरों ने 5 लाख के जेवर किए पार
सिद्धार्थनगर के सेहुड़ा गांव में जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान एक परिवार के घर से छत के रास्ते घुसकर चोरों ने करीब पांच लाख रुपये के जेवर चुरा लिए।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान घर में हुई चोरी।
चोरों ने छत के रास्ते घुसकर जेवर चुराए।
करीब पांच लाख रुपये के आभूषणों की चोरी।
संवाद सूत्र, सिद्धार्थनगर। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के सेहुड़ा गांव में जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान चोरों ने एक घर को निशाना बना लिया। परिवार के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर जाने के दौरान चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और कमरे में रखा जेवर से भरा बक्सा उठा ले गए। चोरों ने गांव के पश्चिम सिवान में बक्सा ले जाकर जेवर निकाले और खाली बक्सा वहीं फेंककर फरार हो गए।
पीड़ित गोपाल शुक्ल के अनुसार, रात में गांव में जन्माष्टमी का कार्यक्रम चल रहा था। वह परिवार के साथ कार्यक्रम देखने गए थे। इसी दौरान चोरों ने पतरे के रास्ते छत से घर में प्रवेश किया।
कमरे में रखा जेवर से भरा बक्सा लेकर चोर गांव के पश्चिम सिवान की ओर चले गए। वहां बक्सा खोलकर जेवर निकाले और उसे वहीं छोड़कर भाग गए। कार्यक्रम से लौटने पर परिवार को चोरी की जानकारी हुई। घर में तलाश करने के बाद आसपास भी खोजबीन की गई।
सुबह गांव के पश्चिम सिवान में खाली बक्सा पड़ा मिला। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक चोर करीब पांच लाख रुपये के जेवर ले गए हैं। इसमें छह ग्राम की बिंदिया, दो मंगलसूत्र करीब 10-10 ग्राम, चेन व अंगूठी करीब 15 ग्राम, दो अन्य मंगलसूत्र, दो अंगूठी करीब छह ग्राम, पांच ग्राम की झुमकी, बच्चों के तीन लॉकेट, चांदी की पाजेब, दो पतली पायल और दो नथिया शामिल हैं।
थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। वह स्वयं मौके पर जांच करने गए थे। घटनास्थल पर चोरी से संबंधित कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में जांच के दौरान 131.781 क्विंटल खाद्यान्न मिला कम, कोटेदार और उसके बेटे पर मुकदमा दर्ज
