यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने से होगा विकास : पवन
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कोई प्रयास नहीं कर रही है।

जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर : खलीलाबाद के प्रतिष्ठित कारोबारी और सपा के वरिष्ठ नेता पवन छापड़िया पप्पू ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में महिला, किसान, मजदूर, युवा और बुजुर्ग नहीं हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कोई प्रयास नहीं कर रही है। गांव-गांव समूहों का गठन तो हो गया है लेकिन महिलाओं को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। गांव और गरीब का विकास बिना महिलाओं के आत्मनिर्भर बने नहीं हो सकता।
सपा नेता गुरुवार को खलीलाबाद में कैंप कार्यालय पर महिला समूहों के सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने समूह की महिलाओं को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया और कहा कि आप सभी समाज निर्माण की धूरी हैं। महिला शक्ति ही देश, समाज और परिवार को संचालित करती है। इस दौर में महिलाओं की भूमिका पुरुषों से बढ़कर है। मातृ शक्ति के बल पर ही गांवों का विकास होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के हक पर डाका डाला जा रहा है। गांवों में बने सार्वजनिक शौचालयों के संचालन की जिम्मेदारी गांव की महिला समूहों को है, लेकिन इस पर अमल नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि यदि अधिकारी न सुने तो अपनी आवाज बुलंद कीजिए। इसके पूर्व सपा नेता ने समूह की महिलाओं को सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य रूप से सपा नेता रमेश चंद्र यादव, गजपति सिंह, महानंद, आनंद तिवारी, रणजीत सिंह, राजेंद्र यादव, सुनीता, पुष्पा निषाद, रमावती देवी, गुंजन देवी, गुड्डी, पूनम, प्रदीप गुप्ता, बनारसी लाल, पवन शर्मा, पूर्वांचल गुप्ता समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
------------------------
