संतकबीरनगर में जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की पीट-पीटकर हत्या, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर किया था हमला
संतकबीरनगर में जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की पुरानी रंजिश के चलते पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले ...और पढ़ें

मौके पर जुटी पुलिस व मृतक ब्रह्मानंद यादव। फाइल फोटो
HighLights
जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की पीट-पीटकर हत्या।
आरोपियों ने आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर हमला किया।
पुरानी रंजिश के चलते हुई यह वारदात, चार पर मुकदमा।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के भगठान(गोसाईपुर)गांव में मंगलवार को पुरानी रंजिश में जिला केसरी खिताब से पुरस्कृत हो चुके मशहूर पहलवान को गिठनी बाजार जाने के दौरान उनकी रास्ते में घात लगाकर बैठे आरोपितों ने पहले घेर लिया। उनकी आंख में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया।
इसके बाद लाठी-डंडे और फरसे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाए गए पहलवान को चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है। कोतवाली पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर चार आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश में जुट गई है।
भगठान(गोसाईपुर)गांव निवासी प्रशासक रामाकांत यादव पुत्र दयाराम ने कोतवाली खलीलाबाद थाने में दी गयी तहरीर में यह उल्लेख किया है कि उनके छोटे भाई 35 वर्षीय ब्रह्मानंद यादव मंगलवार को दोपहर के करीब 2:50 बजे अपनी बाइक से महुली थाना क्षेत्र के गिठनी बाजार जा रहे थे। वह अपने गांव के राकेश यादव के घर के सामने पहुंचे।
पुरानी रंजिश को लेकर पहले से घात लगाकर बैठे उनके गांव के राकेश यादव,छबिराम,अजय,अभिमन्यु यादव ने उनकी बाइक रोक दी। लाल मिर्च का पाउडर उनकी आंख में डाल दी। इससे वह बाइक के साथ जमीन पर गिर गए। इसके बाद ये लोग उन्हें लाठी-डंडे,फरसे से मारने लगे। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गिरफ्तारी की मांग को लेकर खलीलाबाद बाईपास पर रखा शव
स्वजन ब्रह्मानंद यादव की हत्या के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिए। इन्होंने कहा कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। इसके बाद स्वजन शव लेकर खलीलाबाद बाईपास पर पहुंचे। यहां पर सड़क पर शव रख दिए।
यह भी पढ़ें- डीएम साहब! एसीओ ने कुआनो नदी के उस पार काट दिया चक, ग्रामीणों ने लगाया चकबंदी में धांधली का आरोप
आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इससे यहां पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही एएसपी सुशील कुमार सिंह,खलीलाबाद के सीओ प्रियम राजशेखर पाण्डेय, कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दुबे पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ये स्वजन को समझाने लगे। करीब 20 मिनट तक एएसपी सुशील कुमार सिंह ने स्वजन से बात की। आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस पर ये मान गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद आवागमन बहाल हुआ।
