संतकबीरनगर में सांसद के पीए समेत चार गिरफ्तार, शिकायतकर्ता का किया अपहरण, हत्या की थी साजिश
पुलिस ने सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद पर मुकदमा दर्ज कराने वाले लापता युवक विशाल कुमार को खलीलाबाद से बरामद कर लिया है।

HighLights
सपा सांसद पर मुकदमा दर्ज कराने वाला युवक विशाल बरामद।
सांसद के पीए धर्मेंद्र यादव समेत चार आरोपी गिरफ्तार।
अपहरण कर अयोध्या में हत्या की थी आरोपियों की योजना।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद पर मुकदमा दर्ज कराने वाले लापता युवक को पुलिस ने खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के कांटे के पास से सोमवार की भोर में बरामद कर लिया। इस मामले में सांसद के पीए धर्मेंद्र यादव, जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त कार, 42,620 नगदी, अपहृत का फोटो युक्त शपथ पत्र, पांच मोबाइल फोन और 15 आधार कार्ड भी बरामद किए हैं।
यह है पूरा मामला
पुलिस लाइन सभागार में अपहरण की घटना का खुलासा करते हुए एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि 18 सितंबर की रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान अमरडोभा चौराहे पर विवाद हुआ था। इस विवाद में सांसद के साथ दूसरे पक्ष पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
संतोषपुर निवासी विशाल कुमार की तहरीर पर सांसद, जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव और अन्य अज्ञात लोगों पर एससी एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद रविवार की देर शाम वादी विशाल का भाई ओमप्रकाश थाने पहुंचा और उसके अपहरण की तहरीर दी। अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में एसओजी समेत चार टीमें लगाई गई।
वाहन चेकिंग में गिरफ्तार हुए आरोपी
सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर सोमवार की भोर करीब तीन बजे पुलिस ने खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के कांटे के पास अर्टिगा कार को चेकिंग के लिए रोका। कार से अपहृत विशाल को बरामद कर बखिरा के कदमा निवासी जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव, सांसद के पीए धर्मेंद्र यादव, परसोहिया निवासी अशोक यादव और बस्ती जिले के कप्तानगंज क्षेत्र के हरिबंशपुर निवासी जितेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया।
एसपी के अनुसार, आरोपित विश्वकेतु ने पूछताछ में बताया कि विशाल की तहरीर पर उसपर व सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी कारण उन्होंने अपहरण कर विशाल को अयोध्या ले जाने की योजना बनाई थी, जहां उसकी हत्या कर शव फेंकने की तैयारी थी। एसपी ने अपहरण की घटना का 24 घंटे के अंदर खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।
विशाल को फोन कर विश्वकेतु ने बुलाया था
विशाल के भाई ओमप्रकाश ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रविवार की सुबह 10:30 बजे जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव ने उसके भाई के मोबाइल पर फोन कर बुलाया और बताया कि सांसद जी के यहां चलना है। दोपहर 12 बजे तक जब विशाल घर नहीं आया, तो ओमप्रकाश ने भाई के मोबाइल पर फोन किया। विशाल ने बताया कि वह उन चारों लोगों के साथ है। रात आठ बजे तक जब वह नहीं पहुंचा, तो ओमप्रकाश ने पुलिस को सूचना दी।
सांसद को भी अभियुक्त बना सकती है पुलिस
शिकायतकर्ता विशाल के अपहरण और सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस की जांच सांसद की भूमिका तक पहुंच गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपित विशाल को सांसद के यहां ले गए थे, जहां उससे शपथ पत्र समेत अन्य दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। इसके बाद उसे अयोध्या ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार सांसद की भूमिका से जुड़े ठोस साक्ष्य मिलने पर उन्हें भी मुकदमे में अभियुक्त बनाया जा सकता है।
